छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

कवर्धा: गौशाला कर्मी की हत्या मामले के मुख्य आरोपी के घर पर बना अवैध अतिक्रमण ढहाया गया

साधराम यादव हत्याकांड के आरोपी अयाज खान द्वारा किये गये अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर

कवर्धा/रायपुर. छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में एक गौशाला कर्मी की हत्या के मामले में अधिकारियों ने मुख्य आरोपी की एक दुकान और उसके मकान के आगे का ”अवैध अतिक्रमण” बृहस्पतिवार को ढहा दिया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. ‘गौसेवक’ साधराम यादव की 21 जनवरी की रात छह लोगों ने उस वक्त कथित तौर पर हत्या कर दी थी जब वह साइकिल से अपने गांव लालपुर जा रहा था. यादव की गला रेत कर हत्या की गई थी.

पुलिस के मुताबिक इस सिलसिले में गिरफ्तार किए गए पांच बालिगों में अयाज खान मुख्य आरोपी है जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है. कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने कहा कि खान के घर के बाहरी हिस्से में कथित तौर पर एक दुकान अवैध तरीके से बनाई गई थी और आवासीय परिसर का व्यावसायिक तौर पर इस्तेमाल के लिए नगर निकाय से कोई मंजूरी नहीं ली गई थी.

उन्होंने बताया कि कवर्धा नगर निगम कर्मी तथा पुलिसकर्मी बृहस्पतिवार सुबह उसके घर पहुंचे और उन्होंने बुलडोजर से अवैध निर्माण तथा अतिक्रमण वाला हिस्सा ढहा दिया. पल्लव ने कहा कि प्रशासन भविष्य में गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई करेगा.

यह पूछे जाने पर कि क्या हत्याकांड के अन्य आरोपियों के खिलाफ भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने कहा कि खान ही मुख्य साजिशकर्ता है. उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों द्वारा किए गए अवैध निर्माण के बारे में विवरण एकत्र किया जा रहा है और प्रशासन उसके बाद कोई कार्रवाई करेगा. खान के खिलाफ कवर्धा में पहले से ही डकैती समेत नौ मामले दर्ज हैं. पल्लव ने कहा कि 2021 के ‘झंडा हटाने’ के मामले में भी वह आरोपी है.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के भय मुक्त शासन देने के वादे और अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति पर चलते हुए की गई प्रशासनिक कार्रवाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के भयमुक्त शासन देने के वादे तथा अपराध के प्रति जीरो टालरेंस की नीति पर चलते हुए प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों में लगे लोगों और गैरकानूनी कार्यों में लगे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है.

कवर्धा शहर से लगे हुए लालपुर में 20 जनवरी की दरम्यानी रात को चरवाहे साधराम यादव की हत्या के मामले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश प्रशासन को दिये थे. प्रशासन ने निर्देश मिलने के अगले ही दिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था. प्रशासन ने साधराम के हत्या के आरोपी अयाज खान के कवर्धा में वार्ड 18 में किये गये अवैध कब्जे को आज जमींदोज कर दिया. अयाज खान ने अपने घर में अवैध निर्माण कर आटा चक्की की दुकान खोली थी. प्रशासन की टीम आज यहां पहुँची और अवैध कब्जा जमींदोज कर दिया गया.

उल्लेखनीय है कि इस मामले में यादव की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या की गई थी. उपमुख्यमंत्री के निर्देश के पश्चात 24 घंटे के भीतर ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. मामले के संज्ञान में आते ही उप मुख्यमंत्री शर्मा ने निर्देश दिये थे कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो. कार्रवाई इस तरह से सख्त हो ताकि असामाजिक तत्वों के लिए कड़ा संदेश जाए.

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गृह विभाग के अधिकारियों को कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को बेहतर रखने सख्त मानिटरिंग के निर्देश दिये थे. अपराध के प्रति जीरो टालरेंस के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिये गये थे.

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गृह विभाग की बैठक में पुलिस से पारदर्शिता के साथ लोगों को न्याय दिलाने के लिए काम करने कहा था. साथ ही अपराधियों पर नकेल कसने के निर्देश भी दिये गये थे. कवर्धा मामले में कड़ी कार्रवाई इसी कड़ी में की गई है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button