छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल के राजनीतिक सलाहकार और दो ओएसडी के परिसरों पर ईड का छापा
रायपुर/दुर्ग/नयी दिल्ली/जयपुर. प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, मुख्यमंत्री के दो ओएसडी और कारोबारी के यहां छापे की कार्रवाई की है. सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. हालांकि सूत्रों के माध्यम से अभी तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि ईडी ने किस मामले में यह कार्रवाई की है. मुख्यमंत्री बघेल ने ईडी की इस कार्रवाई को अपने जन्मदिन का तोहफा बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया.
प्रांतीय राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर में स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में विनोद वर्मा के आवास पर और दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई इलाके में स्थित ओएसडी आशीष वर्मा और मनीष बंछोर के मकानों पर अर्धसैनिक बल के कुछ जवानों को देखा गया. विनोद वर्मा पहले पत्रकार रहे हैं तथा कई बड़े संस्थानों में काम कर चुके हैं. वह मुख्यमंत्री बघेल के करीबी हैं.
इसी तरह दुर्ग जिले के भिलाई शहर के नेहरूनगर इलाके में कारोबारी विजय भाटिया के घर के बाहर भी सुरक्षाकर्मी नजर आए. बताया जा रहा है कि ईडी की कार्रवाई के बाद आशीष वर्मा और मनीष बंछोर के समर्थक उनके आवासों के बाहर एकत्र हुए और भाजपा नीत केन्द्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए. दोनों के समर्थकों ने भाजपा पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया.
बंछोर भिलाई इस्पात संयंत्र में कर्मचारी हैं तथा प्रतिनियुक्ति पर मुख्यमंत्री के ओएसडी के रूप में तैनात हैं. अपने राजनीतिक सलाहकार और अन्य लोगों के यहां ईडी के छापे पर मुख्यमंत्री बघेल ने इसे अपने जन्मदिन पर अमूल्य उपहार बताया. मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है, ”आदरणीय प्रधानमंत्री जी एवं श्री अमित शाह जी! मेरे जन्मदिन के दिन आज आपने मेरे राजनीतिक सलाहकार एवं मेरे ओएसडी सहित करीबियों के यहां ईडी भेजकर जो अमूल्य तोहफा दिया है, इसके लिए बहुत आभार.” मुख्यमंत्री बघेल का जन्मदिन 23 अगस्त को होता है. इस अवसर पर उनके गृह जिले दुर्ग और अन्य स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
ईडी छत्तीसगढ़ में कथित कोयला घोटाला, शराब घोटाला, जिला खनिज फाउंडेशन फंड में अनियमितता और एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से संबंधित विभिन्न मामलों की जांच कर रहा है. सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पिछले दो दिनों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के संबंध में रायपुर और दुर्ग में कई स्थानों पर तलाशी ली थी.
ईडी ने पिछले साल दिसंबर में कथित कोयला लेवी घोटाले से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में राज्य कैडर की आईएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया था. चौरसिया मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव के पद पर तैनात थीं. कोयला लेवी मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य लोगों में दो आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई और रानू साहू भी शामिल हैं. इसके अलावा ईडी राज्य में कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले की भी जांच कर रही है जिसमें कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
छत्तीसगढ़ में ईडी की छापेमारी कई सर्वेक्षण में भाजपा की हार अनुमान के बाद की प्रतिक्रिया : कांग्रेस
कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कुछ करीबियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई इसलिए की गई है क्योंकि कई सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की करारी हार होने वाली है.
पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल नेटर्विकंग मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”छत्तीसगढ़ में आज की जा रही ईडी की छापेमारी, हार से घबराई हुई भाजपा करवा रही है. इसकी वजह है… पिछले कुछ दिनों में कई सर्वेक्षण में भाजपा की भारी हार दिखाई जा रही है.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस की सरकार के पीछे छत्तीसगढ़ की जनता की ताक.त है. हमें डराया नहीं जा सकता.”
भूपेश बघेल को ‘जन्मदिन को तोहफा’ हैं छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे : गहलोत
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कुछ करीबियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि यह कांग्रेस नेता को मिला ‘जन्मदिन का तोहफा’ है. गहलोत ने कहा कि जहां-जहां चुनाव होने हैं वहां-वहां छापे पड़ेंगे. उन्होंने पत्रकारों से कहा, “वहां (छत्तीसगढ़ में) चुनाव आ रहे हैं (इसलिए छापे पड़ रहे हैं). जहां-जहां चुनाव आएंगे वहां-वहां छापे पड़ते रहेंगे. आज भूपेश बघेल का जन्मदिन है… उनको जन्मदिवस का गिफ्ट (उपहार) दिया जा रहा है ईडी के द्वारा.”