छत्तीसगढ़देशमुख्य समाचार

कांग्रेस एक डूबता जहाज, भ्रष्टाचार की जननी: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

हैदराबाद. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांग्रेस को एक ”डूबता जहाज” बताया और इसे ”भ्रष्टाचार की जननी” करार दिया. उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तेलंगाना इकाई की ‘विजय संकल्प यात्रा’ को भद्राचलम में संबोधित करते हुए ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का आह्नान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बाद ही भारत विश्वगुरु बनेगा और यह सभी के लिए अच्छा होगा.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है.” उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान हुए कथित घोटालों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा, ”हर दिन कोई न कोई घोटाला सामने आता था, चाहे वह कोयला घोटाला हो, राष्ट्रमंडल खेल से जुड़ा हो या अन्य घोटाला हो.” उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के 10 साल के कार्यकाल के दौरान कुछ नेता और मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भी गए थे.

साय ने कहा,”इसी का नतीजा है कि देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है. देश और राज्यों में सरकार बनाने वाली कांग्रेस अब सिकुड़ती जा रही है. कांग्रेस पार्टी के अच्छे नेता कांग्रेस छोड़कर दूसरे दलों में जा रहे हैं. कांग्रेस एक “डूबता जहाज” और “भ्रष्टाचार की जननी” है. उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हराना है और भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में एक करिश्माई नेता है जिनके नेतृत्व में देश का कद विश्व मंच पर बढ़ा है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीबों, किसानों, श्रमिकों और महिलाओं के कल्याण के लिए काम कर रही है तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ दर्शन के साथ 140 करोड़ देशवासियों की सेवा कर रही है.

साय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और इसमें लोकतंत्र है. यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है कि उनके जैसा छोटा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बन सका. उन्होंने कांग्रेस पर आदिवासियों का वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे तब एक अलग जनजातीय विकास मंत्रालय का गठन किया गया था और आदिवासियों के समग्र विकास के लिए पर्याप्त बजट निर्धारित किया गया था. साय ने दावा किया कि भाजपा के पिछले 15 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ में तेजी से विकास हुआ है. हालांकि, पिछले पांच वर्षों के दौरान राज्य में जब कांग्रेस सत्ता में थी तो सभी विकास गतिविधियां रुक गई थीं.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button