विष्णु देव साय ने अनुच्छेद 370 पर उच्चतम न्यायालय के फैसले को भारत की जीत बताया
रायपुर. छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अनुच्छेद 370 पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया और इसे भारत की जीत बताया. अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में साय ने लिखा, “अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के निर्णय पर उच्चतम न्यायालय का आज का फैसला ऐतिहासिक है. 5 अगस्त, 2019 को भारत की संसद द्वारा लिए गए निर्णय को शीर्ष अदालत द्वारा बरकरार रखा जाना भारत की जीत है. यह जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है.”
साय ने लिखा, “यह सिर्फ कानूनी फैसला नहीं है. यह एकजुट भारत के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प का प्रमाण है. इस विजय के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी को बधाई. अभिनंदन. #नयाजम्मूकश्मीर.” राज्य में भाजपा के प्रमुख आदिवासी चेहरे साय को रविवार को यहां नवनिर्वाचित 54 भाजपा विधायकों की बैठक के दौरान विधायक दल का नेता चुना गया.