छत्तीसगढ़ : पहली बार के विधायक किरण देव भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष
रायपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को पार्टी विधायक किरण देव को पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक बस्तर क्षेत्र से आने वाले देव को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर पार्टी ने क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है. राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा ने उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग से आने वाले विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी उनके नियुक्ति पत्र में कहा गया है, ”भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विधायक किरण देव को पार्टी का छत्तीसगढ़ अध्यक्ष नियुक्त किया है.ह्व देव भाजपा विधायक अरुण साव का स्थान लेंगे. राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद साव को उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है.
सामान्य वर्ग के क्षत्रिय समुदाय से आने वाले देव ने बस्तर जिले की जगदलपुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की है. हाल ही में हुए चुनाव में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 54 सीटें जीती है. वहीं कांग्रेस 35 सीटों पर सिमट गई. 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को आदिवासी बहुल सीटों पर भारी झटका लगा था, लेकिन पार्टी ने इस बार अच्छा प्रदर्शन करते हुए अनुसूचित जनजाति (एसटी) उम्मीदवारों के लिए आरक्षित 29 में से 17 सीट पर जीत हासिल की है.
भाजपा आदिवासी बहुल सरगुजा क्षेत्र (उत्तरी छत्तीसगढ़) में सभी 14 सीटें तथा अन्य आदिवासी क्षेत्र बस्तर (दक्षिण छत्तीसगढ़) संभाग की 12 में से आठ सीटें जीतने में सफल रही है. राजनीतिक विश्लेषक आर. कृष्णा दास ने कहा है कि इस चुनाव में आदिवासी क्षेत्रों में बड़ी जीत ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया है. अब पार्टी ने देव की नियुक्ति कर क्षेत्रीय संतुलन को साधने की कोशिश की है.
दास ने कहा, ”दो आदिवासी क्षेत्रों में व्यापक जीत ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया और पार्टी पांच साल बाद एक बार फिर सरकार बनाने में कामयाब रही.” उन्होंने कहा, ”पार्टी ने दोनों क्षेत्रों के नेताओं को दो शीर्ष पदों पर नियुक्त किया है. एक को सरकार में मुख्यमंत्री के रूप में तथा दूसरे को संगठन में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में.”
दास ने कहा, ”देव सुर्खियों से दूर रहने वाले नेता हैं तथा पिछले ढाई दशकों में उन्होंने पार्टी में कई जिम्मेदारियों को संभाला है. कहा जाता है कि वह अच्छी तरह से जानते हैं कि लोगों को कैसे साथ लेकर चलना है.” देव (61)ने 1985-86 में सरकारी पीजी कॉलेज जगदलपुर में छात्र संघ के अध्यक्ष के रूप में अपनी राजनीतिक सफर की शुरुआत की है. वह 1998 में भारतीय जनता युवा मोर्चा बस्तर जिला इकाई के उपाध्यक्ष बने तथा बाद में 2002 में वह उसी इकाई के अध्यक्ष पद पर आसीन हुए.
किरण देव वर्ष 2002 में भाजपा की बस्तर जिला इकाई के अध्यक्ष बने और फिर भाजपा की राज्य इकाई में विभिन्न पदों पर कार्य किया. उन्हें 2009 में जगदलपुर नगर निगम के महापौर के रूप में चुना गया. 2018 से 2022 तक उन्होंने भाजपा की राज्य इकाई के महामंत्री के रूप में कार्य किया है. हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में देव ने जगदलपुर सीट पर कांग्रेस के जतिन जायसवाल को 29,834 मतों के अंतर से हराया.

