छत्तीसगढ़देशमुख्य समाचार

छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीट के लिए दूसरे चरण में मतदान, 41 प्रत्याशी मैदान में

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीट पर मतदान शुक्रवार को

रायपुर/नयी दिल्ली. छत्तीसगढ़ में तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. तीन लोकसभा क्षेत्रों में कुल 41 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है. तीनों लोकसभा क्षेत्रों में नक्सलियों की मौजूदगी है.

राज्य की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बृहस्पतिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया “राज्य में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को महासमुंद, राजनांदगांव और कांकेर (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) सीट पर मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं.” तीन सीट में से कांकेर सीट का एक बड़ा हिस्सा नक्सल प्रभावित है, जहां सुरक्षा बल अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं. वहीं राजनांदगांव और महासमुंद के कुछ इलाके इस खतरे से जूझ रहे हैं.

कंगाले ने बताया, ”कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं और इनमें से अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल और कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक (माओवादी खतरे को देखते हुए) मतदान होगा.” उन्होंने बताया कि अन्य चार विधानसभा क्षेत्रों – सिहावा, संजारी-बालोद, डौंडीलोहारा और गुंडरदेही में मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक है.
अधिकारी ने बताया कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में मानपुर-मोहला विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा. शेष सात विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा.

उन्होंने बताया कि महासमुंद निर्वाचन क्षेत्र के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नौ संवेदनशील मतदान केंद्रों को छोड़कर निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में सुबह सात बजे से दोपहर छह बजे तक मतदान होगा. संवेदनशील नौ मतदान केंद्रों में सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा.कंगाले ने बताया कि तीन सीट पर कुल 41 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें राजनांदगांव में 15, महासमुंद में 17 और कांकेर में नौ उम्मीदवार हैं.

उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 52,84,938 मतदाता हैं जिनमें से 26,05,350 पुरुष तथा 26,79,528 महिला मतदाता हैं. इन क्षेत्रों में तीसरे लिंग के 60 मतदाता पंजीकृत हैं. अधिकारी ने बताया इन क्षेत्रों में 7,363 सेवा मतदाता, 51,306 ‘दिव्यांग’ मतदाता, 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के 1,62,624 मतदाता, 85 वर्ष से अधिक आयु के 16,643 मतदाता और 100 वर्ष से अधिक आयु के 498 मतदाता हैं.

उन्होंने बताया कि इन तीन निर्वाचन क्षेत्रों में 6,567 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 330 ‘संगवारी’ मतदान केंद्र (महिला र्किमयों द्वारा प्रबंधित) तथा 120 ‘आदर्श’ मतदान केंद्र होंगे जबकि 25 मतदान केंद्रों का प्रबंधन ‘दिव्यांगजन’ और 117 का युवाओं द्वारा किया जाएगा. कंगाले ने बताया कि दूसरे चरण में 23 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील और 458 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है.
अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण के लिए कुल 32,907 मतदान र्किमयों को तैनात किया गया है. उन्होंने बताया कि बुधवार को कांकेर सीट के दूरदराज और संवेदनशील इलाकों के नौ मतदान केंद्रों के लिए 72 मतदान र्किमयों और महासमुंद सीट के दो मतदान केंद्रों के लिए 15 मतदान र्किमयों को हेलीकॉप्टर से मतदान केंद्र पहुंचाया गया.

उन्होंने बताया कि शेष 6,556 मतदान टीम को बृहस्पतिवार को बस के माध्यम से उनके गंतव्यों के लिए रवाना किया जा रहा.
कंगाले ने बताया कि मतदान के लिए तीन निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षार्किमयों की लगभग 222 कंपनी तैनात की गई हैं. छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान हो रहा है. नक्सल प्रभावित बस्तर (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण के दौरान मतदान हुआ था. शेष सात सीटों पर सात मई को अंतिम चरण के दौरान मतदान होगा. राजनांदगांव सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद संतोष पांडेय और पूर्व मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूपेश बघेल के बीच मुकाबला होगा.

सत्ताधारी भाजपा ने महासमुंद और कांकेर सीट पर अपने मौजूदा सांसदों के टिकट काट कर क्रमश? रूपकुमारी चौधरी और भोजराज नाग को मैदान में उतारा है. चौधरी और नाग पूर्व विधायक हैं. कांग्रेस ने महासमुंद में राज्य के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और कांकेर सीट पर बीरेश ठाकुर को मैदान में उतारा है. ठाकुर 2019 का लोकसभा चुनाव कांकेर सीट पर भाजपा उम्मीदवार से हार गए थे.
लोकसभा चुनाव-2019 में भाजपा ने राज्य की नौ लोकसभा सीट और कांग्रेस ने दो सीट पर जीत दर्ज की थी.

छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान में भाजपा और कांग्रेस के बीच भ्रष्टाचार, संविधान में बदलाव और दोनों दलों के चुनावी वादों जैसे मुद्दों पर तीखी नोकझोंक हुई. दूसरे चरण के लिए भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे प्रमुख नेताओं ने चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया. कांग्रेस के लिए, प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रचार का नेतृत्व किया.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आम चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार अभियान में नजर नहीं आए.
मोदी और शाह ने संविधान, अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होने, आतंकवाद और नक्सलवाद पर टिप्पणियों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया. उन्होंने जवाबी हमला करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी गरीबों के हित के लिए सोचती है जबकि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है.

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीट पर मतदान शुक्रवार को

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीट पर शुक्रवार को मतदान होगा. दूसरे चरण में केरल की वायनाड लोकसभा सीट भी शामिल है, जहां से कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं. केरल की सभी 20 सीट के अलावा कर्नाटक की 28 में से 14 सीट, राजस्थान की 13 सीट, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश की आठ-आठ सीट, मध्य प्रदेश की सात सीट, असम व बिहार की पांच-पांच सीट, छत्तीसगढ़ व पश्चिम बंगाल की तीन-तीन सीट और मणिपुर, त्रिपुरा व जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर मतदान होगा.

दूसरे चरण में ‘आउटर’ मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र से चार सहित कुल 1206 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान बुधवार शाम को समाप्त हो गया. कांग्रेस नेता शशि थरूर, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, अभिनय से राजनीति में आये अरुण गोविल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के भाई डीके सुरेश (कांग्रेस), कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी (जनता दल-सेक्युलर) प्रमुख उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं. वहीं भाजपा उम्मीदवार हेमा मालिनी, ओम बिरला और गजेंद्र सिंह शेखावत अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से लगातार तीसरी जीत की उम्मीद लगाये हुए हैं.

कुल 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीट पर पिछले शुक्रवार को हुए पहले चरण के मतदान में लगभग 65.5 प्रतिशत मतदान हुआ. शुक्रवार को दूसरे चरण के बाद केरल, राजस्थान और त्रिपुरा में चुनाव संपन्न हो जाएंगे. वहीं 19 अप्रैल को पहले चरण में तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (पांच), अरुणाचल प्रदेश (दो), मेघालय (दो), अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह (एक), मिजोरम (एक), नगालैंड (एक), पुडुचेरी (एक), सिक्किम (एक) और लक्षद्वीप (एक) में चुनाव संपन्न हो चुका है.

लोकसभा चुनाव 2019 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने इन 89 सीट में से 56 और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) ने 24 सीट पर जीत हासिल की थी. इनमें से छह सीट परिसीमन के बाद सामने आयी हैं. केरल में, 2,77,49,159 पात्र मतदाताओं में से पांच लाख से अधिक मतदाता पहली बार मतदान करेंगे.

राहुल, वायनाड से मौजूदा सांसद हैं और उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की एनी राजा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के के. सुरेंद्रन से है. शशि थरूर, चौथी बार तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला भाजपा के चंद्रशेखर व मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पन्नियन रवींद्रन से है. मथुरा लोकसभा सीट पर 2014 से भाजपा का पताका फहरा रही हेमा मालिनी का मुकाबला कांग्रेस के मुकेश धनगर से हैं जबकि कोटा से दो बार के सांसद ओम बिरला को कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल चुनौती दे रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री शेखावत जोधपुर सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार करण सिंह उचियारदा से है. बेंगलुरू दक्षिण से मौजूदा सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का मुकाबला कांग्रेस की सौम्या रेड्डी से होगा. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल 30 साल से अधिक समय से भाजपा का गढ़ रहे राजनांदगांव से चुनाव लड़ रहे हैं. टीवी सीरियल ‘रामायण’ में भगवान राम का चरित्र निभाने वाले अरुण गोविल का मेरठ लोकसभा सीट पर मुकाबला बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के देवव्रत कुमार त्यागी और समाजवादी पार्टी (सपा) की सुनीता वर्मा से है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button