‘इंस्टाग्राम’ पर पाकिस्तानी नागरिक का फॉलोअर गिरफ्तार, पूछताछ जारी

बिजनौर/भुवनेश्वर/मेरठ. उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सोमवार को 27 वर्षीय एक व्यक्ति को ‘इंस्टाग्राम’ पर पाकिस्तान के एक व्यक्ति से बम रखने वाले संदेश मिलने के बाद गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. क्षेत्राधिकारी (चांदपुर) देश दीपक सिंह ने बताया कि यह संदेश पाकिस्तान के नागरिक आतिफ अहमद भट्ट ने शनिवार को चांदपुर निवासी मोहम्मद शफी को भेजा था.
पुलिस ने जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया, उसका नाम साहिल है और वह ‘इंस्टाग्राम’ पर भट्ट से जुड़ा हुआ है. पुलिस ने बताया कि शफी और साहिल के बीच ‘इंस्टाग्राम’ पर एक रील पोस्ट करने को लेकर विवाद जारी था. पुलिस के मुताबिक, साहिल ने शफी को फंसाने के लिए अपने पाकिस्तानी फॉलोअर के जरिए यह संदेश भेजा था. पुलिस ने सोमवार को साहिल को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि साहिल से इस संबंध में पूछताछ की जा रही है.
सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने के आरोप में युवक गिरफ्तार
भुवनेश्वर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए सांप्रदायिक नफरत फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध पुलिस ने इस साल नौ अक्टूबर को एक व्यक्ति की तहरीर पर दर्ज मामले के सिलसिले में रविवार रात को अरशद अली (19) नामक आरोपी को गिरफ्तार किया.
पुलिस को दी गई तहरीर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड और प्रसारित किया गया है जिसमें झूठी, निराधार, भड़काऊ, घृणा फैलाने वाली सामग्री है और उक्त पोस्ट से हिंसा भड़क सकती है तथा यह हिंदू भावनाओं का अपमान करते हुए सांप्रदायिक घृणा को बढ़ावा दे रही है और हिंसक धमकियों वाली है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों के अवैध कृत्य को सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित किया गया, जहां चार व्यक्ति एक-दूसरे के साथ वीडियो चैट कर रहे थे.
पुलिस ने बताया कि उनकी वीडियो चैट में धर्म के आधार पर नफरत को बढ़ावा दिया गया. इसमें धर्म या धार्मिक मान्यताओं का अपमान भी किया गया. पुलिस ने बताया कि उक्त लोगों ने सांप्रदायिक हिंसा को भी बढ़ावा दिया और वो कटक शहर में हुई हालिया हिंसा की घटना पर चर्चा कर रहे थे.
भुवनेश्वर-कटक के पुलिस आयुक्त एस देव दत्ता सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अली को 12 अक्टूबर की रात जगतसिंहपुर जिले के बिरधी पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. सिंह ने कहा, “जो लोग ऐसे संदेश भेज रहे हैं, वे भी उतने ही जिम्मेदार हैं, जितने ऐसे नफरत भरे भाषण देने वाले जिम्मेदार हैं.” उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे संदेश भेजने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी. पुलिस आयुक्त ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि लोग सोशल मीडिया पर इस तरह के पोस्ट और संदेश फॉरवर्ड करने से बचेंगे.”
मेरठ में मुठभेड़ में मारा गया दुष्कर्म का आरोपी इनामी बदमाश
मेरठ जिले में सोमवार सुबह पुलिस से हुई मुठभेड़ में एक इनामी बदमाश की मौत हो गई. आरोपी पर दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म सहित सात संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉक्टर विपिन ताडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुठभेड़ सरूरपुर थाना क्षेत्र में सरधना-बिनोली मार्ग के पास हुई.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया, मगर युवक ने पुलिस पर गोलियां चला दीं. ताडा के अनुसार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया, वहीं मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी जिससे वह बाल-बाल बच गया.
ताडा ने बताया कि घायल अवस्था में पकड़े गए आरोपी की पहचान शहजाद उर्फ निक्की (35) के रूप में हुई है. उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वह मेरठ के मोहम्मदपुर साकिस्त गांव का रहने वाला था.
एसएसपी के अनुसार शहजाद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह नौ महीने से फरार था. वह हाल में पांच वर्ष की एक बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित था. इससे पहले भी वह एक अन्य बालिका से दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका था.
उन्होंने बताया कि शनिवार रात उसने पीड़ित बच्ची के परिजनों को मुकदमा वापस लेने की धमकी दी थी और उनके घर पर गोलियां भी चलायी थीं. इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी.