देशमुख्य समाचार

वोट खत्म हुआ तो राशनकार्ड, जमीन, सब कुछ चला जाएगा : राहुल गांधी

नवादा/नालंदा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी “वोटर अधिकार यात्रा” के तीसरे दिन मंगलवार को निर्वाचन आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर “वोट चोरी” में साझेदार होने का आरोप लगाया और लोगों से कहा कि अगर मतदाता सूची से नाम कट गया तो राशनकार्ड, जमीन तथा सब कुछ चला जाएगा.

उन्होंने यह दावा भी किया कि बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में चोरी की गयी थी और इसकी सच्चाई एक दिन बाहर आएगी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने फिर दोहराया कि केंद्र और बिहार में कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकार बनने पर निर्वाचन आयोग के मौजूदा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने चेतावनी दी, “आयोग के लोग याद रखें- हमारी सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर करेगी.” तीसरे दिन की यात्रा गयाजी के वजीरगंज से शुरू हुई और नवादा में दाखिल हुई. इसके बाद यह यात्रा शेखपुरा होते हुए नालंदा पहुंची जहां आज की यात्रा का समापन हुआ. यात्रा में बुधवार को अवकाश का दिन है और यह बृहस्पतिवार को नालंदा से शुरू होगी. राहुल गांधी ने शेखपुरा में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

राहुल गांधी ने मंगलवार शाम नालंदा में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार के युवा वोट चोरी नहीं होने देंगे. वोट हम सबका अधिकार है. आज के हिंदुस्तान में गरीबों के पास सिर्फ वोट बचा हुआ है.” उन्होंने दावा किया, “अगर आपका (जनता का) वोट चला गया तो आपका राशन कार्ड, जमीन और बाकी सब भी चला जाएगा.” कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ पूरा बिहार हमारे साथ है और एक आवाज में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ बोल रहा है.

उन्होंने कहा, “बिहार में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है. हमें बिहार में बेरोजगारी को मिटाना है. ‘मेड इन चाइना’ को खत्म करना है और ‘मेड इन बिहार, मेड इन इंडिया’ लाना है.” इससे पहले, राहुल गांधी ने नवादा के भगत सिंह चौक पर एक सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और भाजपा के बीच साझेदारी है और वे मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, “वोट आपका अधिकार है और यह अधिकार संविधान देता है. नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और चुनाव आयुक्त मिलकर यह अधिकार छीन रहे हैं.” उनका कहना था, ” मैं, तेजस्वी यादव और महागठबंधन के बाकी नेता कहना चाहते हैं कि हम बिहार में एक वोट भी चोरी नहीं करने देंगे.” उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी चोरी किए गए.

राहुल गांधी ने कहा कि अब बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर नए तरीके से वोट की चोरी की जा रही है. उन्होंने जोर दिया, “हम इन्हें चोरी नहीं करने देंगे.” कांग्रेस नेता ने दावा किया, “पहले आपका वोटर कार्ड जाएगा, फिर राशनकार्ड जाएगा और फिर आप लोगों की जमीन अदाणी और अंबानी को दी जाएगी. यह देश अदाणी और अंबानी का नहीं है, यह देश किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों का है.” उन्होंने सभा में कुछ ऐसे लोगों का खड़ा किया जिनके नाम मतदाता सूची से कथित तौर पर काटे गए हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा, “बिहार में ऐसे लाखों लोग हैं जिन्होंने पहले वोट दिया, अब उनके नाम मतदाता सूची से काट दिए गए हैं.” राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने नवादा में सभा को संबोधित करते कहा कि आगे जब भी लोकसभा चुनाव होगा, “हम लोग राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे.” बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने नवादा में सभा को संबोधित करते हुए एसआईआर मुद्दे को लेकर निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा और कहा कि बिहार में वोट चोरी नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी के बाद लोगों के राशनकार्ड और पेंशन भी छीन लिए जाएंगे.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button