मानव स्वास्थ्य पर कबूतरों के प्रभाव का अध्ययन के लिए महाराष्ट्र सरकार ने समिति गठित की
मुंबई: कबूतरखानों को यहां बंद करने को लेकर उत्पन्न हुए विवाद के बीच, महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार मानव स्वास्थ्य पर कबूतरों के प्रभाव का अध्ययन के लिए एक समिति गठित की है।
उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को तीन रिट याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सरकार से कबूतरों से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी खतरों और सार्वजनिक स्थानों पर उन्हें दाना डालने के चलन का अध्ययन करने के लिए एक समिति गठित करने को कहा था।
शहरी विकास विभाग ने 22 अगस्त को एक आदेश जारी कर पुणे के जन स्वास्थ्य सेवा निदेशक विजय कांदेवाड की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय समिति गठित करने का आदेश जारी किया। इसके अन्य सदस्यों में बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी, महाराष्ट्र पशु कल्याण बोर्ड, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नागपुर के प्रतिनिधि, मुंबई के श्वसन रोग विशेषज्ञ, सूक्ष्म जीव विज्ञानी (माइक्रोबायोलॉजिस्ट) और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
समिति कबूतरों की बीट के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव, पक्षियों को सार्वजनिक स्थानों पर खिलाने के साथ-साथ यह अध्ययन करेगी कि क्या जन स्वास्थ्य से समझौता किए बिना निर्दिष्ट स्थानों पर नियंत्रित मात्रा में दाना खिलाने की अनुमति दी जा सकती है या नहीं। समिति को इस मुद्दे पर नियम और दिशानिर्देश तैयार करने का भी काम सौंपा गया है।
समिति को अपनी पहली बैठक के 30 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। स्वास्थ्य कारणों से दादर में एक ‘कबूतरखाना’ को बंद करने के बीएमसी के हालिया फैसले का जैन समुदाय के सदस्यों ने व्यापक स्तर पर विरोध किया था।