दुर्ग में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहर निगला, दो की मौत और दो गंभीर
दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहर निगल लिया, जिससे पिता और एक बेटी की मौत हो गई है तथा मां और एक अन्य बेटी की हालत गंभीर है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया, ”जामुल थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर के निवासी हेमलाल वर्मा (40), उनकी पत्नी जान्हवी वर्मा (38), प्रिया वर्मा (14) और मुस्कान वर्मा (11) ने जहर निगल लिया. हेमलाल और प्रिया की मौत हो गई, जबकि जान्हवी और मुस्कान की हालत गंभीर है.”
उन्होंने बताया, ”जानकारी मिली है कि नगर निगम भिलाई में ठेका श्रमिक हेमलाल ने सोमवार रात लगभग 10 बजे पत्नी और दोनों बेटियों को जुकाम की दवा बताकर जहर दे दिया और खुद निगल लिया.” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घर में हेमलाल के पिता भी साथ रहते हैं. उन्होंने हेमलाल के कमरे में जाकर देखा तो सभी की तबीयत बिगड़ी हुई थी. पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों की मदद से सभी को अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने बताया कि फिलहाल यह पता नहीं चल पाया गया कि हेमलाल ने ऐसा कदम क्यों उठाया और मामले की जांच की जा रही है.