देशमुख्य समाचार

भाजपा एक राजनीतिक गिरोह, उसका एजेंडा समाज में नफ़रत फैलाना: अखिलेश यादव

लखनऊ/मुंबई. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारू­ढ़ दल पर निशाना साधते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक राजनीतिक गिरोह है, जिसका एजेंडा समाज में नफरत फैलाना और सामाजिक सद्भाव को खत्म करना है.

सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, यहां विभिन्न जिलों से आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने दावा किया “भाजपा सरकार में तमाम तरह के अवैध कारोबार हो रहे हैं, जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं और भाजपाई सरकारी जमीनों व तालाबों पर कब्जे कर रहे है.” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “भाजपा भूमाफिया पार्टी है और इस सरकार में असीमित लूट और भ्रष्टाचार है. हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार है, सरकारी बजट की लूट चल रही है.” यादव ने सपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को हटाने और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तत्पर है और जनता समाजवादी पार्टी पर भरोसा कर रही है.

यादव ने कहा, “कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि जनता की इच्छा पर खरे उतरें. जनता के बीच रहकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी दें. कार्यकर्ताओं को भाषा, व्यवहार और परस्पर भरोसा करते हुए एकजुटता का परिचय देना है.” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ हर स्तर पर भेदभाव कर रही है. यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 में प्रदेश में सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेगी और सभी को न्याय व सम्मान मिलेगा.

आवासीय उद्देश्यों की जमीन पर भाजपा बना रही मुख्यालय: राउत

शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने सोमवार को आरोप लगाया कि आवासीय उद्देश्यों की भूमि पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अपना महाराष्ट्र राज्य मुख्यालय बनाया जा रहा है और बीएमसी ने इस पर ‘आपत्तियों का तेजी से निस्तारण कर दिया’ है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में दक्षिण मुंबई के चर्चगेट रेलवे स्टेशन के समीप एक भूखंड पर इस महाराष्ट्र राज्य मुख्यालय की आधारशिला रविवार को रखी. राउत ने दावा किया कि सा­ढ़े तीन साल से बृहन्मुंबई

महानगरपालिका (बीएमसी) को नियंत्रित करने वाली राज्य सरकार ने प्रशासक-सह-आयुक्त के माध्यम से इसे तेजी से पूरा किया.
राउत ने इस मुद्दे पर शाह को पत्र लिखा है. बीएमसी का कार्यकाल 2022 की शुरुआत में समाप्त हो गया है जिस वजह से ये राज्य द्वारा नियुक्त प्रशासक के हवाले है. राउत ने दावा किया कि नागरिक सुविधाओं, मराठवाड़ा को सहायता, मराठी भाषा भवन के निर्माण आदि से संबंधित फाइल लंबित हैं लेकिन ‘भाजपा के पांच सितारा मुख्यालय’ से संबंधित फाइल तेजी से आगे पहुंचाई गईं हैं.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) नेता रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भूमि अधिग्रहण और अनुमोदन पर बीएमसी प्रमुख को स्पष्टीकरण देना चाहिए, उन्होंने दावा किया कि इससे ‘महालक्ष्मी रेसकोर्स’ जैसी प्रमुख संपत्तियों को निजी संस्थाओं को सौंपा जा सकता है.

आरोपों का खंडन करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने नियमों के अनुसार और सभी अनुमतियां लेकर चर्चगेट स्टेशन के पास निजी जमीन खरीदी है. फडणवीस ने कहा कि यह इमारत दो से ढाई साल में बनकर तैयार हो जाएगी. फडणवीस ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को भवन निर्माण के लिए समर्पण निधि में योगदान देना चाहिए.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button