राजस्थान : पत्नी और बेटे पर तलवार से हमला करने के बाद ट्रेन के आगे कूदा कांस्टेबल
जालौन में यमुना नदी के पुल से अपनी दो बच्चियों को फेंकने के बाद खुद भी कूदा व्यक्ति
झुंझुनूं/जालौन. राजस्थान के झुंझुनूं जिले में राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) के एक कांस्टेबल ने अपनी पत्नी और छह साल के बेटे पर तलवार से हमला करने के बाद खुद कथित तौर पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार तड़के कोतवाली थाना क्षेत्र की किसान कॉलोनी में हुई.
पुलिस के अनुसार कांस्टेबल की पहचान राजकुमार कांटीवाल के रूप में हुई है. उसने किसान कॉलोनी स्थित किराए के घर में अपनी पत्नी कविता और बेटे पर हमला किया. हमले में कविता को गंभीर चोटें आईं हैं और उसकी दो उंगलियां कट गईं तथा उसे इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया. जबकि हमले में दंपति के बेटे की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और उसका झुंझुनूं में उपचार किया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार कविता झुंझुनूं पंचायत समिति में कनिष्ठ लिपिक (एलडीसी) है. शुरुआती जांच से पता चलता है कि दंपति में कई साल से विवाद था और उनके तलाक के वाद की सुनवाई 20 अगस्त को झुंझुनूं पारिवारिक न्यायालय में होनी थी. राजकुमार 16 अगस्त को छुट्टी लेकर श्रीगंगानगर से लौटा था. पुलिस ने बताया कि हमले के लगभग तीन घंटे बाद राजकुमार का शव रेलवे पटरियों पर मिला, संदेह है कि उसने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है.
जालौन में यमुना नदी के पुल से अपनी दो बच्चियों को फेंकने के बाद खुद भी कूदा व्यक्ति
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा क्षेत्र में सोमवार को एक व्यक्ति यमुना नदी के पुल से अपनी दो बच्चियों को नदी में फेंकने के बाद खुद भी कूद गया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी. गोताखोरों की मदद से शवों की तलाश की जा रही है. पुलिस क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह ने बताया कि रामपुरा थाना क्षेत्र के मधेपुरा गांव निवासी रज्जन निषाद (28) शराब पीने का आदी था. सोमवार को पूर्वाह्न लगभग 10 बजे उसका अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. उसके बाद वह अपनी बेटियों सुनैना (छह), अला (चार) और छोटी (दो) को लेकर यमुना नदी के पुल पर पहुंचा.
उन्होंने बताया कि रज्जन ने अपनी बेटियों अला और छोटी को यमुना नदी में तेज धार में फेंक दिया. पिता की इस हरकत को देखकर बड़ी बेटी सुनैना ने भागकर शोर मचाया. उसकी आवाज सुनकर पुल की ओर जा रहे लोगों ने सुनैना से पूछा तो उसने पूरी घटना के बारे में बताया.
सिंह ने बताया कि इसी बीच क्षेत्रीय लोगों को आते हुए देख कर रज्जन भी यमुना नदी में कूद गया. क्षेत्रीय लोगों ने घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी. पुलिस बल ने गोताखोरों को बुलाया और रज्जन और उसकी दोनों बेटियों की तलाश शुरू कर दी. यमुना नदी में तेज बहाव के कारण काम में मुश्किलें हो रही हैं. समाचार लिखे जाने तक तीनों में से किसी का भी शव बरामद नहीं किया जा सका था.
