रायपुर: बिजली दफ्तर में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश जारी…
रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के रायपुर क्षेत्र के विद्युत उपकरण भंडार केंद्र में रखे ट्रांसफार्मरों में शुक्रवार को भीषण आग लग गई. एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि भंडार केंद्र से निकलता धुंआ दूर तक दिखाई दे रहा था.
जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर के गुढि.यारी इलाके में आज दोपहर खुले में रखे बिजली के उपकरणों, जिसमें ज्यादातर ट्रांसफार्मर हैं में आग लग गई. उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए 10 से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया है तथा करीब के उद्योगों से और अधिक दमकल गाड़ियां बुलाई गई हैं. आग और धुएं से बचाव के लिए भंडार केंद्र के करीब रहने वाले लोगों को हटा दिया गया है.
उन्होंने बताया कि आग से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है. उन्होंने बताया कि पास में ही एक पावर सबस्टेशन स्थित है जहां से इलाके में बिजली की आपूर्ति की जाती है. कोशिश की जा रही है कि आग को वहां तक पहुंचने से रोका जाए. अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.
