छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

नारायणपुर: मुठभेड़ में तीन महिलाओं समेत 10 नक्सली ढेर, हथियार व विस्फोटक बरामद

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर और कांकेर जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन महिलाओं समेत 10 नक्सलियों को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. राज्य के गृह विभाग का कामकाज संभाल रहे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों से आग्रह किया है कि वे समर्पण करें एवं सरकार उनसे बातचीत के लिए तैयार है. अधिकारियों ने बताया कि जिलों के टेकमेटा और काकूर गांवों के मध्य जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन महिलाओं समेत 10 नक्सलियों को मार गिराया है.

उन्होंने बताया कि सोमवार रात को नारायणपुर और कांकेर जिलों के सीमावर्ती अबूझमाड़ क्षेत्र में ‘डि्ट्रिरक्ट रिजर्व गार्ड’ (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ.) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह लगभग छह बजे जब सुरक्षाबल के जवान टेकमेटा और काकूर गांवों के मध्य जंगल में थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसपर सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की.

उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद सुरक्षाबलों ने जब घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां तीन महिलाओं समेत 10 नक्सलियों के शव बरामद किये गये. उनके अनुसार सुरक्षाबल के सभी जवान सुरक्षित हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान के दौरान नक्सली डेरे से एक ए के 47 राइफल समेत कई हथियार, गोला बारूद और दैनिक उपयोग का सामान जब्त किया गया है. उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल कांकेर जिले के कल्पर गांव से लगभग 30 किमी दूर दक्षिण में स्थित है, जहां 16 अप्रैल को एक मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे.

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने एक वीडियो संदेश में इस सफलता के लिए सुरक्षाबलों को बधाई दी है. उन्होंने नक्सलियों से भी कहा है कि वे समर्पण कर मुख्यधारा में लौटें, सरकार उनसे बातचीत के लिए तैयार है. शर्मा ने कहा है, ”मैं नक्सलियों से और भटक चुके लोगों से एक बार फिर आग्रह करता हूं कि विष्णु देव जी की सरकार बातचीत के माध्यम से इस मसले का हल चाहती है. कोई एक नक्सली, कोई दो नक्सली, कोई छोटा समूह या बड़ा समूह, जो भी बात करना चाहे, वीडियो कॉल के माध्यम से बात करना चाहे या किसी मध्यस्थ के माध्यम से बात करना चाहे, तो सरकार की ओर से पुनर्वास की अच्छी व्यवस्थाओं के साथ उनसे आग्रह है कि वे मुख्यधारा में वापस लौटें और समाज के साथ आगे बढ़ें. बस्तर में शांति हो, बस्तर के गावों तक विकास पहुंच सके, यही प्रार्थना है.” पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के साथ, राज्य के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में इस साल अब तक 91 नक्सली मारे गए हैं. बस्तर क्षेत्र में नारायणपुर और कांकेर सहित सात जिले शामिल हैं.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button