छत्तीसगढ़देशमुख्य समाचार

भाजपा संगठन में प्रदेश प्रभारियों की नए सिरे से नियुक्ति, नितिन नवीन छग के नए प्रभारी

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने लोकसभा चुनाव के बाद शुक्रवार को पार्टी संगठन के प्रदेश प्रभारियों व सह-प्रभारियों की नए सिरे से नियुक्ति की. वरिष्ठ नेता वी मुरलीधर राव की जगह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य महेन्द्र सिंह को मध्य प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है. भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को मध्य प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है.

इस संगठनात्मक नियुक्ति में कोई ज्यादा फेरबदल नहीं किया गया है. कई राज्यों के प्रभारी पूर्ववत अपनी जिम्मेदारी संभालते रहेंगे. लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए कुछ नेताओं को अब राज्य का प्रभारी बना दिया गया है. राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया को हरियाणा में पार्टी का संगठन प्रभारी बनाया गया है. इससे पहले, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लब देब के पास यह जिम्मेदारी थी. लोकसभा चुनाव के दौरान पूनिया को हरियाणा का चुनाव प्रभारी और सुरेंद्र सिंह नागर को सह प्रभारी बनाया गया था.

नयी नियुक्ति के हिसाब से पुनिया अब हरियाणा के संगठन प्रभारी और नागर सह प्रभारी होंगे. देब को पिछले दिनों हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव सह-प्रभारी बनाया गया था. केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पास हरियाणा के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी है. हरियाणा में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं.

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राधामोहन दास अग्रवाल कर्नाटक, विनोद तावड़े बिहार, तरुण चुघ जम्मू एवं कश्मीर, प्रकाश जावड़ेकर केरल और दुष्यंत गौतम उत्तराखंड के प्रभारी पद की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे. इसी प्रकार भाजपा नेता आशीष सूद गोवा, श्रीकांत शर्मा हिमाचल प्रदेश, लक्ष्मीकांत बाजपेयी झारखंड और विजयपाल सिंह तोमर ओडिशा के प्रभारी रहेंगे. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को पंजाब का जिम्मा सौंपा गया है.

बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन छत्तीसगढ़ के नए प्रभारी होंगे. इससे पहले वह छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी थे. भाजपा सांसद संबित पात्रा को पूर्वोत्तर राज्यों के समन्वयक के रूप में बरकरार रखा गया है. एक राज्य प्रभारी राष्ट्रीय नेतृत्व और राज्य नेतृत्व के बीच की कड़ी के रूप में काम करता है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button