बिहार जन सुराज उम्मीदवार सूची जन सुराज ने 51 उम्मीदवार घोषित किए, PK राघोपुर से करेंगे प्रचार अभियान का आगाज
पटना. जन सुराज पार्टी ने बृहस्पतिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिनमें प्रमुख नाम भोजपुरी गायक रितेश रंजन पांडे का है. अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया कि पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव लड़ेंगे या नहीं, हालांकि वह 11 अक्टूबर को राघोपुर से चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करेंगे. राघोपुर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है.
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने यहां एक संवाददाताओं से कहा, ”हम बहुत जल्द अन्य सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे. अगर उस सूची में किशोर जी का नाम मिलता है, तो इसका मतलब होगा कि वे चुनाव लड़ रहे हैं. यह बात बिल्कुल स्पष्ट है. किशोर जी 11 अक्टूबर को राघोपुर से पार्टी का चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे.” जिन प्रमुख उम्मीदवारों के नाम पहली सूची में शामिल किए गए हैं, उनमें लोकप्रिय भोजपुरी गायक रितेश रंजन पांडे शामिल हैं, जो रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी द्वारा तृतीय लिंगी समुदाय से प्रीति किन्नर को गोपालगंज जिले की भोरे सीट से उम्मीदवार बनाया गया है.
