देशमुख्य समाचार

ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू

भुवनेश्वर: ओडिशा के नुआपाड़ा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो गई। हालांकि राज्य के दो प्रमुख राजनीतिक दलों – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।

ओडिशा की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि कांग्रेस ने घासीराम मांझी को अपना उम्मीदवार बनाया है और वह 19 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आर एस गोपालन ने कहा कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही उपचुनाव प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार सोमवार से 20 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं और 22 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर है।

उन्होंने बताया कि अधिसूचना के अनुसार मतदान 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी। सीईओ ने बताया कि 358 मतदान केंद्रों पर 2.53 लाख से अधिक मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर सकेंगे, जिनमें से 56 नये मतदान केंद्र हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक नहीं होगी।

अधिसूचना के अनुसार, 47 संवेदनशील और वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच मतदान होगा, जबकि अन्य मतदान केंद्रों पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। सीईओ ने कहा कि उपचुनाव के महत्व को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त बल तैनात किया जाएगा।

गोपालन ने कहा, ‘‘हमने आंतरिक और दूरदराज के आठ मतदान केंद्रों तक मतदान सामग्री और अधिकारियों को पहुंचाने के लिए एक हेलीकॉप्टर मांगा है। नुआपाड़ा में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 14 कंपनी तैनात की जाएंगी।’’

इस बीच, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिला पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने लोगों का विश्वास बढ़ाने के लिए नुआपाडा कस्बे में फ्लैग मार्च किया। उन्होंने बताया कि किसी भी अवांछित व्यक्ति और नकदी तथा शराब सहित सामग्री के प्रवेश को रोकने के लिए ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर नौ जांच चौकी स्थापित की गई हैं।

पड़ोसी कालाहांडी, बोलनगीर और बरगढ़ जिलों से नुआपाडा के प्रवेश ंिबदु पर भी जांच चौकी स्थापित की गई हैं। नुआपाडा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव बीजू जनता दल (बीजद) विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के बाद कराना आवश्यक हो गया था। राजेंद्र ढोलकिया पूर्व मंत्री और चार बार के विधायक थे। ढोलकिया का 8 सितंबर, 2025 को 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।

वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में, ढोलकिया ने निर्दलीय उम्मीदवार घासीराम मांझी को 10,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर सीट बरकरार रखी थी। घासीराम मांझी इस बार कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद यह ओडिशा में पहला उपचुनाव होगा।

राजेंद्र ढोलकिया के बेटे जय शनिवार को राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए, जिनके बीजद उम्मीदवार बनने की संभावना जतायी जा रही थी। हालांकि, जय के नाम की भाजपा उम्मीदवार के रूप में आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, “भाजपा संसदीय दल नुआपाड़ा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगा।”

विपक्षी बीजद के सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पार्टी उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा, पार्टी की महिला शाखा की प्रमुख स्रेहांगिनी छुरिया, पूर्व मंत्री तुकुनी साहू और अन्य वरिष्ठ नेताओं की एक टीम नुआपाड़ा भेजी है। सूत्रों ने बताया कि वे पार्टी के जिला-स्तरीय नेताओं से मिलेंगे और उपचुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम बीजद अध्यक्ष को सौंपेंगे। मिश्रा ने कहा कि पटनायक अंतत? उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि ओडिशा भाजपा की कोर कमेटी ने उम्मीदवार के चयन पर विस्तृत चर्चा की है और संसदीय समिति को अपने विचार भेजे हैं। कोर कमेटी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार के नाम की घोषणा दिल्ली में की जाएगी।

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button