नारायणपुर में मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर, तीन जवान घायल
नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में पांच नक्सलियों को मार गिराया और तीन नक्सली घायल हो गए.
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर स्थित मुंगेडी और गोबेल क्षेत्र में भेजा गया था. उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल के जवान आज जब गोबेल क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, दोनों ओर से दिन भर रूक-रूककर गोलीबारी हुई.
अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने अभी तक पांच नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, इस घटना में बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में नारायणपुर डीआरजी के तीन जवान भी घायल हुए हैं, घायल जवानों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है. अधिकारियों ने बताया कि इस संयुक्त अभियान में नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, जगदलपुर की डीआरजी और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के 45वीं वाहिनी का बल शामिल है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खोजी अभियान जारी है.
इस घटना के साथ ही इस साल अब तक राज्य में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 123 नक्सली मारे जा चुके हैं. इससे पहले 23 मई को नारायणपुर-बीजापुर अंतर-जिला सीमा पर जंगल में सुरक्षार्किमयों के साथ मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए थे, जबकि 10 मई को बीजापुर जिले में 12 नक्सली मारे गए थे. पुलिस ने बताया कि 30 अप्रैल को नारायणपुर और कांकेर जिलों की सीमा पर जंगल में हुई मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों समेत दस नक्सली मारे गए थे और 16 अप्रैल को कांकेर जिले में हुई मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे.