रायगढ़: तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले के खरसिया पुलिस चौकी के अंतर्गत महका गांव में तालाब में डूबने से गांव के ही रहने वाले मुकेश शर्मा के बेटे श्याम शर्मा (12) और सागर शर्मा (10) की मौत हो गई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि मुकेश शर्मा के बेटे श्याम और सागर सोमवार की सुबह तालाब में नहाने गए थे. उन्होंने बताया कि नहाने के दौरान दोनों लड़के गहरे पानी में चले गए और डूब गए. उन्होंने बताया कि जब घटना की जानकारी परिजनों को मिली तब दोनों लड़कों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन वहां चिकित्सकों ने दोनों बालकों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है.

