देशमुख्य समाचार

कांग्रेस ने अंतरिक्ष मिशन, इसरो और वैज्ञानिकों को नुकसान पहुंचाया: निशिकांत दुबे

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने मंगलवार को कांग्रेस पर देश में अंतरिक्ष मिशन, इसरो और वैज्ञानिकों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. सदन में ‘अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री – 2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका’ विषय पर सोमवार को शुरू हुई चर्चा को आगे बढ़ाते हुए दुबे ने यह बात कही. बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के बीच चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा सांसद दुबे ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का उल्लेख किया और विपक्ष पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा, ”शुभांशु शुक्ला भाजपा के सदस्य नहीं हैं, वह देश के नागरिक हैं, 140 करोड़ लोगों के प्रतिनिधि हैं. विपक्ष को इस चर्चा में भाग लेकर अंतरिक्ष संबंधी प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री की सराहना करनी चाहिए थी और अंतरिक्ष तथा सुरक्षा पर एकजुटता का संदेश देना चाहिए था.” दुबे ने कहा, ”लेकिन इन्होंने (विपक्ष ने) पूरी संसद को बंधक बना लिया है. कांग्रेस अंतरिक्ष पर भी चर्चा नहीं होने दे रही.”

उन्होंने आरोप लगाया, ”1994 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने केरल के रहने वाले प्रसिद्ध वैज्ञानिक नांबी नारायण को सीबीआई और राज्य पुलिस से गिरफ्तार कराया था. कांग्रेस ने पाकिस्तान और चीन के कहने पर एक वैज्ञानिक को गिरफ्तार कराया.” दुबे ने दावा किया कि कांग्रेस ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को भी नुकसान पहुंचाया. उन्होंने कहा कि ऐसे ही कुछ कारण हैं कि कांग्रेस और विपक्ष अंतरिक्ष और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषय पर चर्चा नहीं चाहते. दुबे ने आरोप लगाया, ”कांग्रेस ने अंतरिक्ष मिशन और वैज्ञानिकों को नुकसान पहुंचाया.”

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button