छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री साय ने रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री की विशेष पहल से बस्तर समेत प्रदेश भर में रेल सेवाओं का बढ़ा दायरा : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर/भोपाल. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर-जबलपुर दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मुख्यमंत्री ने रायपुर से जबलपुर तक इस एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के लोगों को लाभ होगा.

इस मौके पर साय के साथ राज्य विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बृजमोहन अग्रवाल और पार्टी के विधायक मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, “छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए यह बहुत खुशी की बात है कि जबलपुर के वास्ते एक नयी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है. मैं छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ लोगों की ओर से हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद देता हूं.” उन्होंने बताया कि इससे पहले रायपुर से जबलपुर जाने के लिए सिर्फ एक ही ट्रेन थी. इस मार्ग पर जाने वाली यह ट्रेन छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल डोंगरगढ़ होते हुए जबलपुर जाएगी.
साय ने कहा कि इससे लोगों को फायदा होगा.

रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह ट्रेन रायपुर से अपराह्न 2.45 बजे रवाना होगी और दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर और मदन महल होते हुए रात 10.45 बजे जबलपुर पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि वापसी में यह ट्रेन जबलपुर से सुबह छह बजे रवाना होगी और अपराह्न 1.50 बजे रायपुर पहुंचेगी.

अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में कुल 15 डिब्बे हैं, जिसमें आठ सामान्य श्रेणी के डब्बे, चार कुर्सी यान और एक वातानुकूलित कुर्सी यान शामिल हैं. उन्होंने कहा, “दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. यह सेवा न केवल यात्रियों को सुगम परिवहन प्रदान करेगी बल्कि क्षेत्रीय सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगी.”

मुख्यमंत्री यादव ने रेल मंत्री के साथ जबलपुर-रायपुर, रीवा-पुणे एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्यप्रदेश को छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से जोड़ने वाली जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस ट्रेनों को रविवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मुख्यमंत्री यादव इस कार्यक्रम में उज्जैन से जबकि वैष्णव गुजरात के भावनगर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े. इस अवसर पर भावनगर से अयोध्या के बीच नयी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की भी शुरुआत की गई. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश आज रेल संपर्क के मामले में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से सीधे जुड़ रहा है.

उन्होंने कहा, ”जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस की शुरुआत से यात्रियों के साथ व्यापार-व्यवसाय और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा. बघेलखंड अंचल के रीवा में टाइगर सफारी और मैहर शक्तिपीठ की मां शारदा देवी के दर्शन सुलभ हो पाएंगे.” उन्होंने कहा कि इसी प्रकार संस्कारधानी जबलपुर और भेड़ाघाट आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी तथा पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के साथ संपर्क और बढ़ जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे ने गत 11 वर्ष में उल्लेखनीय प्रगति की है और विद्युतीकरण का शतप्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है.
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2025-26 में दो लाख 65 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और रेलमंत्री वैष्णव के नेतृत्व में रेलवे नये कीर्तिमान गढ़ रहा है.

उन्होंने कहा, “भावनगर से अयोध्या नयी एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत अत्यंत सुखद है. इससे भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के साथ संबंध का स्मरण भी हो रहा है. प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण से ही दुनियाभर में भारत की पहचान बनी हुई है.” इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का रेलवे के साथ भावनात्मक जुड़ाव रहा है क्योंकि यह देश के गरीब और मध्यम वर्ग के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है.

रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि से केंद्र सरकार ने 10-11 वर्ष में रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए संकल्प के साथ कार्य किए हैं. वैष्णव ने कहा कि नयी ट्रेनों की शुरुआत, आधुनिक कोच निर्माण और रेलवे स्टेशनों का जीर्णोद्धार रेलवे के अभूतपूर्व कार्य हैं.
वैष्णव ने कहा, “रीवा से पुणे से संपर्क बढ़ रहा है. जबलपुर और रायपुर के बीच नयी ट्रेन से जनजातीय अंचल को लाभ मिलेगा.” उन्होंने कहा कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच जल्द ही बुलेट ट्रेन की भी शुरुआत होगी और यह ट्रेन मात्र दो घंटे 13 मिनट में गंतव्य तक पहुंचेगी.

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रारंभ हुई नयी रेल सेवाओं से चार राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होगा, जिसका इन चारों राज्यों के नागरिकों को परिवहन और व्यापार-वाणिज्य की दृष्टि से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. बयान में कहा गया कि जबलपुर से रायपुर, रीवा से पुणे और भावनगर से अयोध्या के लिए नयी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रारंभ होने से रेल नेटवर्क के विस्तार में नया आयाम जुड़ा है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button