छत्तीसगढ़देशमुख्य समाचार

कांग्रेस, झामुमो आदिवासियों को केवल ‘वोट बैंक’ मानते : साय

साहिबगंज. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आदिवासियों को केवल ‘वोट बैंक’ मानते हैं. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो और कांग्रेस ने राज्य में कोई विकास कार्य नहीं किया है. साहिबगंज जिले में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो ”भ्रष्टाचार में साथी’ हैं और उन्होंने जनता के पैसों की लूट की है.

साय ने आरोप लगाया, ”कांग्रेस और झामुमो आदिवासियों का इस्तेमाल केवल वोट बैंक की तरह करते हैं. उन्होंने कोई विकास कार्य नहीं किया है.” उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग से आदिवासी मामलों का मंत्रालय बनाया गया. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा, ”अगर कांग्रेस आदिवासियों का विकास चाहती तो बहुत पहले यह मंत्रालय बना सकती थी.” साय ने कहा कि भाजपा ने इस समुदाय का सम्मान किया है. उन्होंने कहा, ”हम आदिवासियों को गर्व है कि आदिवासी बेटी देश की राष्ट्रपति बनी है.” साय ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरन इसी वजह (भ्रष्टाचार) से सलाखों के पीछे हैं.

उन्होंने कहा, ” कांग्रेस के मंत्री के निजी सहायक के घरेलू सहायक के घर से 37 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई और 351 करोड़ रुपये कांग्रेस के सांसद से जुड़े परिसरों से मिले थे.” साय ने कहा, ”इन पैसों का इस्तेमाल सड़क बनाने, बिजली अवसंरचना को सुधारने या पेयजल मुहैया कराने में किया जा सकता है लेकिन इस राशि को उन्होंने अपने आराम के लिए लूटा.” साय ने दावा किया कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए छत्तीसगढ़ की सभी 11 और झारखंड की 14 सीट पर जीत दर्ज कर रही है.

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने अपने दूसरे कार्यकाल में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया जो 500 साल से लंबित था, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समप्त किया और भारत की अर्थव्यवस्था को 11वें स्थान से पांचवे स्थान पर लाये. प्रधानमंत्री का सपना भारत को अगले पांच साल में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है.”

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button