अरुणाचल की महिला पर्वतारोही ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी ‘माउंट एल्ब्रस’ को किया फतह
ईटानगर. अरुणाचल प्रदेश की पर्वतारोही कबाक यानो ने यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी ‘माउंट एल्ब्रस’ को फतह करके अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है. यानो 16 अगस्त को सुबह 5:20 बजे (स्थानीय समय) रूस की सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ गईं. अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के.टी. परनाइक ने यानो को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी है. दक्षिण-पश्चिमी रूस के काकेशस पर्वत श्रृंखला में स्थित माउंट एल्ब्रस एक सुप्त ज्वालामुखी पर्वत है जो समुद्र तल से 18,510 फुट की ऊंचाई पर स्थित है.
एल्ब्रस पर चढ़ना उनकी सात शिखर चुनौतियों में से एक है, जिसमें प्रत्येक महाद्वीप के सबसे ऊंचे पर्वत पर चढ़ना शामिल है.
राज्यपाल परनाइक ने 28 जुलाई को यानो को सात पर्वत शिखरों की चुनौती के लिए रवाना किया था. उन्होंने यानो के दृढ़ संकल्प पर गर्व व्यक्त किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि वह मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करेंगी. राज्यपाल ने एक संदेश में कहा, ” यानो की असाधारण उपलब्धि अरुणाचल की सच्ची भावना को दर्शाती है और यह विशेष रूप से युवा लड़कियों के लिए साहस के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरणा का एक शक्तिशाली स्रोत बनेगी.”
