छत्तीसगढ़ज्योतिषमुख्य समाचार

मुख्यमंत्री साय ने भोरमदेव में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के कबीरधाम जिले में प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में सोमवार को शिव भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि सावन मास के तीसरे सोमवार को छत्तीसगढ़ के प्राचीन, धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के तीर्थ स्थल बाबा भोरमदेव मंदिर में मुख्यमंत्री साय ने हजारों कांवड़ियों और शिव भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया.

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव भी मौजूद थे.
अधिकारियों ने बताया कि यह लगातार दूसरा वर्ष है जब मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की. उन्होंने बताया कि पुष्पवर्षा के बाद साय ने बाबा भोरमदेव मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया तथा राज्य की समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से भेंट कर उनका हालचाल जाना तथा उनका अभिनंदन किया.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”आज सावन मास के तीसरे सोमवार को बाबा भोरमदेव की पावन धरती पर शिव भक्तों के साथ जुड़ना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है. हजारों श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए यहां पहुंचे हैं. यह हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत मिसाल है.” अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमरकंटक से 151 किलोमीटर पदयात्रा कर भोरमदेव मंदिर में जलाभिषेक करने वाली पंडरिया विधायक भावना बोहरा को भगवा वस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत भोरमदेव कॉरिडोर विकास के लिए 146 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई है. यह परियोजना न केवल मंदिर परिसर का कायाकल्प करेगी, बल्कि मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा से लेकर सरोदा जलाशय तक के क्षेत्र को एक समग्र धार्मिक-पर्यटन कॉरिडोर के रूप में भी विकसित किया जाएगा.” उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से अमरकंटक जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मध्यप्रदेश के अनूपपुर में पांच एकड़ भूमि आबंटन की प्रक्रिया जारी है, जहां एक भव्य श्रद्धालु भवन का निर्माण प्रस्तावित है.

मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा इस पुण्य अवसर की महत्ता को और भी अभूतपूर्व बना गई है. राज्य के कबीरधाम जिले के मुख्यालय कवर्धा से 18 किलोमीटर दूर चौरा गांव में स्थित 11वीं शताब्दी का भोरमदेव मंदिर ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है. श्रावण मास में राज्य के विभिन्न जिलों के साथ ही मध्यप्रदेश के अमरकंटक से हजारों श्रद्धालु पदयात्रा कर बाबा भोरमदेव, बूढ़ा महादेव और डोंगरिया के प्राचीन जलेश्वर शिवलिंग में जलाभिषेक करने आते हैं.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button