छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

इंडिया बनाम भारत को लेकर खरगे ने कहा, कांग्रेस भारत को जोड़ने में लगी है और भाजपा उसे तोड़ने में

राजनांदगांव: भारत और इंडिया नाम को लेकर छिड़े विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस भारत को जोड़ने में लगी है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उसे तोड़ने में. उन्होंने कहा कि संविधान में देश का नाम भारत और इंडिया दोनों है लेकिन भाजपा इसमें विवाद खड़ा कर रही है.

खरगे ने कहा कि यदि भाजपा को ‘इंडिया’ शब्द से नफरत है तो उन्होंने स्टार्ट अप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया आदि योजनाओं के नाम क्यों रखा है. छत्तीसगढ. के राजनांदगांव जिले के ठेकवा गांव में कांग्रेस सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘भरोसे का सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए उन्होंने हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा नहीं करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी हमला किया.

खरगे ने कहा, ”हमने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए एक गठबंधन ‘इंडिया’ बनाया है और अब भाजपा कह रही है कि देश का नाम इंडिया से बदलकर केवल भारत कर देना चाहिए. संविधान में ही इंडिया और भारत दोनों हैं. फिर इसपर झगड़ा क्यों हो रहा.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”हमें कहते हैं कि हम भारत बोलने के विरोधी हैं. हमें भारत से प्रेम है. राहुल (गांधी) जी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले. नाम था भारत जोड़ो यात्रा. हम भारत जोड़ने में लगे हैं और आप (भाजपा) भारत तोड़ने में लगे हैं.”

उन्होंने कहा, ”यदि आप (भाजपा) ‘इंडिया’ से नफरत करते हैं तो मोदी जी ने स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, खेलो इंडिया, मेक इन इंडिया आदि जैसे शब्द क्यों दिए हैं. हमें (भाजपा की) इस मानसिकता के खिलाफ लड़ना होगा.” खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ”वह दंगा प्रभावित मणिपुर की ओर देख भी नहीं रहे हैं, दूसरी तरफ जी-20 की बैठक (दिल्ली में) चल रही है, जहां हर खंभे में उनकी तस्वीरें (पीएम के पोस्टर) हैं. पोस्टरों पर न तो उनके मंत्रियों की तस्वीर थी, न ही महात्मा गांधी या पंडित जवाहर लाल नेहरू की. क्या सब कुछ उनका है?”

उन्होंने भूपेश बघेल सरकार की सराहना करते हुए कहा, ”छत्तीसगढ. में 15 साल तक भाजपा की सरकार थी. मोदी साढ.े 13 साल तक गुजरात में मुख्यमंत्री रहे और अब 10 साल से प्रधानमंत्री हैं, लेकिन गुजरात की हालत जस की तस है. जो काम कांग्रेस सरकार ने पांच साल में छत्तीसगढ. में किया वो आपने क्यों नहीं किया? ऐसा इसलिए है क्योंकि आपको (प्रधानमंत्री) गरीबों की परवाह नहीं है बल्कि आप अंबानी और अडाणी जैसे अमीरों की परवाह करते हैं.”

खरगे ने कहा, ”यह मोदी का गुजरात मॉडल नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी, भूपेश बघेल और उनके मंत्रिमंडल का मॉडल है.” उन्होंने कहा, ”मोदी जी को बघेल सरकार का काम देखना चाहिए, तभी उन्हें पता चलेगा कि पांच साल में कैसे काम किया जा सकता है.”

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button