‘महादेव’ सट्टेबाजी ऐप मामला : ईडी ने अभिनेता रणबीर कपूर को पूछताछ के लिए बुलाया
नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के ‘महादेव’ सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धनशोधन के मामले में अभिनेता रणबीर कपूर को समन जारी कर शुक्रवार को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एजेंसी ने कपूर पर आरोप लगाया है कि उन्हें प्रवर्तकों के उत्पाद को ऑनलाइन प्रचारित करने के लिए रुपये मिले हैं.
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने कपूर को छह अक्टूबर को एजेंसी के रायपुर स्थित कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है. अभिनेता से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया. सूत्रों ने बताया कि ईडी मामले में 14 से 15 अन्य हस्तियों की भूमिका की जांच कर रही है और उन्हें भी जल्द पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा.
एजेंसी के मुताबिक कंपनी के प्रवर्तक सौरभ चंद्रशेखर और रवि उप्पल दुबई से ऐप संचालित कर रहे थे. उसने आरोप लगाया कि वे नए उपयोगकर्ताओं का पंजीकरण करने के लिए ‘ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे, आईडी बनाते थे एवं बहु स्तरीय बेनामी बैंक खातों के नेटवर्क से धनशोधन करते थे.
अधिकारियों ने बताया कि ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि ‘महादेव ऑनलाइन बुक ऐप’ का संचालन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित प्रधान कार्यालय से किया जाता था. उन्होंने बताया कि वे अपने जानकारों को ‘फ्रेंचाइजी’ के जरिये खोली गई शाखाओं को कारोबार का अधिकार 70-30 के लाभ अनुपात पर देते थे.
अधिकारियों ने बताया कि सट्टे से हुई कमाई की राशि दूसरे देशों में मौजूद खातों में भेजने के लिए बड़े पैमाने पर ‘हवाला’ का इस्तेमाल किया जाता था. उन्होंने बताया कि भारत में सट्टा वेबसाइट के प्रचार करने के लिए बड़े पैमाने पर नकदी का इस्तेमाल किया गया ताकि नए उपयोगकर्ताओं और फ्रेंचाइजी के लिए उन्हें आर्किषत किया जा सके. कंपनी के प्रवर्तक छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले हैं.