छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

दिल्ली शराब घोटाले का सरगना अब भी बाहर है और उसकी बारी भी आएगी – अनुराग ठाकुर

भाजपा ने कांग्रेस के 'भ्रष्टाचार' के बारे में लोगों को बताने के लिए 'भू-पे' जारी किया

रायपुर. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और अन्य लोग आबकारी नीति मामले में जेल में हैं, लेकिन कथित घोटाले का सरगना अब भी बाहर है और उसकी बारी भी आएगी.

रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री ठाकुर ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ का नारा देकर सत्ता में आये थे वे अब भ्रष्टाचार में डूबे हुए पाये गये हैं.

बुधवार को इस मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर केजरीवाल के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, ”लोग अरविंद केजरीवाल जी पर हंस रहे हैं और उनके चेहरे पर तनाव देखा जा सकता है. ये वो लोग हैं जो ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ का नारा लगाकर आए थे और अब भ्रष्टाचार में डूबे हुए पाए गए.”

मंत्री ने कहा, ”पंजाब में वह सत्ता में आए और दो महीने के भीतर ही पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के कारण इस्तीफा देना पड़ा. केजरीवाल जी के पास उस शराब घोटाले का कोई जवाब नहीं है जिससे उन्हें शर्मसार होना पड़ा है. अब तक उपमुख्यमंत्री और अन्य लोग जेल जा चुके हैं लेकिन सरगना अब भी बाहर है. जांच जारी है और सरगना की बारी भी आएगी.”

ठाकुर ने कहा, ”केजरीवाल जी ने जिनको ईमानदारी का र्सिटफिकेट बांटा था वो पिछले एक साल से जेल में हैं. उन्हें प्रमाण पत्र बांटने का अधिकार किसने दिया?” उन्होंने राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा, ”राजस्थान और छत्तीसगढ़ ऐसे दो राज्य हैं जहां मुख्यमंत्री के करीबी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे और उनके पास से करोड़ों रुपये और सोना बरामद हुआ. उन्हें (मुख्यमंत्री को) इस्तीफा दे देना चाहिए था. लेकिन उन्होंने अब तक पद नहीं छोड़ा है. अब लोग उन्हें (आगामी विधानसभा चुनाव में) बाहर कर देंगे.”

बिहार सरकार की जाति जनगणना के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, ”मोदी जी ने कहा है कि उनकी सरकार गरीबों, वंचितों और शोषितों के लिए है. सबसे बड़ा समुदाय गरीब है और हमें उन्हें गरीबी से बाहर लाना है. मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले वर्षों में 18.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं. आंकड़े बताते हैं कि देश में गरीबों के कल्याण के लिए काफी काम हुए हैं.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके अन्य सहयोगी दलों के पास अब कोई मुद्दा नहीं, तो अब वे जाति की राजनीति कर रहे हैं.

भाजपा ने कांग्रेस के ‘भ्रष्टाचार’ के बारे में लोगों को बताने के लिए ‘भू-पे’ जारी किया

छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को ‘भू-पे’ नामक ‘क्यूआर कोड’ जारी किया. इस क्यूआर कोड को स्कैन करने से यह एक वेबसाइट पर ले जाता है जिसमें राज्य सरकार के कथित घोटालों के बारे में जानकारी है.

रायपुर में एक कार्यक्रम के दौरान भू-पे क्यूआर कोड जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब से राज्य में भूपेश बघेल सरकार चुनी गई है, उसने भ्रष्टाचार के नए तरीकों का आविष्कार किया है और इस ऐप में इसका विवरण है. ‘भू-पे’ क्यूआर कोड की टैगलाइन है- ‘हर काम का दाम, भू-पे करो’. क्यूआर कोड को स्कैन करने पर यह उपयोगकर्ताओं को भूपेकरोडॉटकॉम पर ले जाता है.

इस वेबसाइट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके अधिकारियों के चित्र और उनके शासन के दौरान शराब, कोयला, लोक सेवा आयोग भर्ती, गोबर खरीद योजना, ऑनलाइन गेमिंग-सट्टेबाजी ऐप सहित लगभग 26000 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के बारे में विस्तृत जानकारी है.

क्यूआरकोड जारी करने के मौके पर ठाकुर ने सत्ताधारी दल कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के बाद पहली बार ऐसी सरकार चुनी गई है, जिसने नए-नए तरीके खोजकर भ्रष्टाचार के नए आयाम स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मेरा सवाल यह है कि उनकी पार्टी द्वारा (2018 विधानसभा चुनाव में) किये गये 36 प्रमुख वादे पूरे क्यों नहीं किये गये? उन्होंने आरोप लगाया कि वादों को पूरा करने के बजाय इसने राज्य में माफिया राज स्थापित कर दिया. ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अभी तक किसानों को दो साल का बकाया बोनस तक नहीं दे पाई है.

उन्होंने कहा, ”छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने के लिए भाजपा ने ‘छत्तीसगढ़ राज्य’ बनाया. उस समय मध्यप्रदेश बीमारू राज्य था तो समझ सकते हैं कि छत्तीसगढ़ में क्या स्थिति थी. लेकिन जब यहां पर कमल खिला तो हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए. लेकिन पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ का क्या हाल कर दिया. छत्तीसगढ़ को बेहाल कर दिया.”

ठाकुर ने कहा कि एक तरफ मोदी जी ऑपरेशन गंगा चलाकर यूक्रेन से 23000 युवा भारतीयों को सुरक्षित भारत ले आये और दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री गंगाजल की कसम खाकर क्या कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि दिल्ली राज्य में 200 करोड़ का शराब घोटाला हुआ तो वहां के मंत्री नेता जेल में हैं. यहां 2000 करोड़ का घोटाला हुआ तो समझ सकते हैं कि इनका क्या होगा? केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार नहीं दिया, केवल बेरोजगार बनाया. बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं किया.

उन्होंने दावा किया कि इलाज के अभाव में छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में करीब 39 हजार बच्चों की मौत हो गई. ठाकुर ने कहा कि एक बच्चे की भी मृत्यु हो जाए तो कितना दुख होता है, लेकिन यहां तो कांग्रेस के भू-पे राज में 39 हजार बच्चों की मृत्यु इलाज के अभाव में हुई. उन्होंने युवाओं सहित सभी लोगों से भू-पे लिंक से जुड़ने और भूपेश बघेल सरकार के कुशासन को सबके सामने लाने का आग्रह किया. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और अन्य भाजपा नेता मौजूद थे.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button