समीक्षा बैठक में शामिल होने दिल्ली जाएंगे बघेल और बैज
रायपुर. छत्तीसगढ़ के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पांच राज्यों में हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों के नतीजों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को पार्टी की बैठक में भाग लेने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली रवाना होंगे. पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी दल कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 90 में से 54 सीटें जीतकर सत्ता में वापसी की है. राज्य में 2018 में 68 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 35 सीटों पर सिमट गई. राज्य में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) पहली बार एक सीट जीतने में कामयाब रही.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार शाखा के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि बघेल और बैज शुक्रवार को पार्टी की बैठक में शामिल होने के लिए आज शाम दिल्ली रवाना होंगे. उन्होंने बताया कि बैठक में सभी पांच राज्यों – छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम के चुनाव परिणामों पर चर्चा होगी, जहां पिछले महीने चुनाव हुए थे.
भूपेश बघेल ने भाजपा के विजय बघेल को 19723 वोट के अंतर से हराकर अपनी सीट पाटन जीतने में कामयाबी हासिल की है. जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी 4822 वोटों के साथ पाटन में तीसरे स्थान पर रहे. प्रदेश अध्यक्ष बैज चित्रकोट सीट से भाजपा के विनायक गोयल से 8370 वोटों से चुनाव हार गए हैं. इस चुनाव में कांग्रेस के नौ मंत्रियों समेत 31 विधायक चुनाव हार गए हैं.
