छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

छत्तीसगढ़: सरकार ने PSC भर्ती में अनियमितता के आरोपों की जांच CBI से कराने का किया फैसला

रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में लोक सेवा आयोग (पीएससी) की परीक्षा में कथित अनियमितता की शिकायत के बाद इसकी जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने का फैसला किया है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां ‘मंत्रालय’ में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई.

उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2021 के संबंध में प्राप्त अनियमितताओं की शिकायतों के परिपेक्ष्य में विस्तृत जांच के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को प्रकरण प्रेषित किए जाने का निर्णय लिया है. अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा-2021 के अंतर्गत 12 विभागों के 170 पदों पर भर्ती के लिए चयन सूची जारी की गई है.

छत्तीसगढ़ में 2021 में हुई लोक सेवा आयोग की परीक्षा के परिणाम आने के बाद परीक्षार्थियों ने बड़ी संख्या में मेधा सूची में अधिकारियों और नेताओं के बच्चों का चयन होने की शिकायत की थी. हाल में हुए विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया था और वादा किया था कि राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ पीएससी घोटाले की जांच कराई जाएगी. उस वक्त प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी. पार्टी ने यह भी वादा किया था कि राज्य में पीएससी की परीक्षा में पारर्दिशता बरती जाएगी और संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की तर्ज पर राज्य पीएससी की परीक्षा कराई जाएगी.

अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने किसानों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में राज्य के किसानों से समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने का निर्णय लिया है. उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल के इस फैसले से राज्य शासन द्वारा किसानों से 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा पूरा हो गया है. धान खरीदने का यह वादा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘गारंटी’ में भी शामिल रहा है.

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अंत्योदय और प्राथमिकता राशनकार्डधारी परिवारों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें आगामी पांच वर्ष तक नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण का निर्णय लिया है. उनके मुताबिक, इससे राज्य के 67 लाख 92 हजार 153 राशन कार्डधारक परिवार लाभान्वित होंगे और उन्हें आगामी पांच सालों तक राशन की दुकानों से नि:शुल्क चावल मिलेगा.

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक में मोदी जी की गारंटी को शीघ्रता से पूरा करने पर विचार-विमर्श
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में मोदी जी की गारंटी को शीघ्रता से पूरा करने तथा राज्य सरकार की 100 दिन की कार्य योजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. बैठक में उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव और विजय शर्मा सहित सभी मंत्रीगण बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, टंकराम वर्मा, ओ.पी. चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल और लखनलाल देवांगन उपस्थित थे.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button