छत्तीसगढ़मुख्य समाचारव्यापार

विपक्षी दल कांग्रेस ने की बजट की आलोचना, मुख्यमंत्री ने बताया राजस्व बढ़ाने वाला

रायपुर. छत्तीसगढ़ में विपक्षी दल कांग्रेस ने 2024-2025 के लिए विधानसभा में पेश बजट की शुक्रवार को आलोचना करते हुए इसे निराशाजनक बताया. पार्टी ने कहा कि इस बजट में पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार की योजनाओं को नाम बदलकर पेश किया गया है.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राज्य विधानसभा में 2024-25 के लिए 1,47,446 करोड़ रुपये का बजट पेश किया. यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साई के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का पहला बजट है, जो दिसंबर में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हराकर सत्ता में आई थी.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बजट में कुछ भी नया नहीं है, केवल उनकी सरकार के दौरान चलाई जा रही योजनाओं के नाम बदले गए हैं. बघेल ने दावा किया, “व्यापार और औद्योगीकरण को कैसे बढ़ावा दिया जाएगा और लोगों को सुविधाएं कैसे मिलेंगी? बजट में इस बारे में कुछ भी नहीं है. कुछ भी नया नहीं है. बुनियादी ढांचे के बारे में कुछ भी नहीं है. वित्त मंत्री ने कहा कि पूंजीगत व्यय में 22 प्रतिशत की वृद्धि होगी लेकिन वे केवल कुछ कॉलेज और छात्रावास ही बना रहे हैं. वे रेलवे लाइनें बिछा रहे हैं, वह भी अडाणी के कोयला परिवहन के लिए.” उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह ही प्रदेश के वित्तमंत्री ने केवल सब्जबाग दिखाए हैं.

बजट की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह आने वाले कई वर्षों तक छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा और दशा तय करेगा. उन्होंने कहा, “यह राजस्व बढ़ाने वाला बजट है. इसमें कोई नया कर प्रस्ताव नहीं है और न ही मौजूदा कर दरों में वृद्धि का कोई प्रस्ताव है. बजट सभी वर्गों का समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करेगा.” साय ने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के लक्ष्य की प्राप्ति में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा के सदस्य सरोज पांडे ने कहा कि साय सरकार के पहले बजट में “डबल इंजन सरकार” (राज्य और केंद्र में एक ही सत्तारूढ़ दल) की योजनाओं की झलक देखी जा सकती है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button