छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

बीजापुर : नक्सली हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान बलिदान, 15 अन्य घायल

रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा जिलों की सीमा पर मंगलवार को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान दो कोबरा कमांडो समेत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कम से कम तीन जवानों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन बलिदानी जवानों में दो कोबरा की 201वीं बटालियन के और एक सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन का है. सीआरपीएफ की ‘कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन’ (कोबरा) जंगल में युद्ध अभियान चलाने वाली इकाई है. पुलिस महानिदेशक (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी. ने बताया कि यह घटना बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर स्थित टेकलगुडेम गांव के समीप उस वक्त हुई, जब सुरक्षार्किमयों का एक संयुक्त दल तलाश अभियान चला रहा था.

उन्होंने बताया कि सोमवार को राजधानी रायपुर से करीब 450 किलोमीटर दूर अंतर-जिला सीमा पर माओवादियों का गढ़ माने जाने वाले टेकलगुडेम में सुरक्षार्किमयों का एक नया शिविर स्थापित किया गया था. उन्होंने बताया कि शिविर स्थापित करने के बाद विशेष कार्य बल, जिला रिजर्व बल और कोबरा के कर्मी जुनागुड़ा-अलीगुड़ा गांवों के समीप तलाश अभियान चला रहे थे तभी नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

सुंदरराज ने बताया कि नक्सलियों को जब पता चला कि सुरक्षा कर्मी उन्हें घेर रहे हैं तो वे घटनास्थल से फरार हो गए. उन्होंने कहा, ”घटना में तीन जवान बलिदान हो गए और 15 अन्य घायल हो गए हैं. मृतकों में से दो कोबरा की 201वीं बटालियन के और एक सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन के थे.” उन्होंने बताया कि घायल जवानों को एक अस्पताल में ले जाया जा रहा है. अप्रैल 2021 में भी इसी टेकलगुडेम जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 23 सुरक्षाकर्मी मारे गए थे.

बलिदानी जवानों की सूची:-
01 आरक्षक देवन सी., 201 कोबरा
02 आरक्षक पवन कुमार, 201 कोबरा
03 आरक्षक लाम्बधर सिन्हा, 150 सीआरपीएफ

घायलों की सूची:-
01 लखवीर, डिप्टी कमांडेंट 201 कोबरा
02 राजेश पंचाल, असिस्टेंट कमांडेंट 201 कोबरा1
03 खेडकर रामदास, प्रधान आरक्षक 201 कोबरा
04 अखिलेश यादव, प्रधान आरक्षक 201 कोबरा
05 हरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक 201 कोबरा
06 मोहम्मद ईरफान, प्रधान आरक्षक, 201 कोबरा
07 गोपीनाथ बासुमताढी, आरक्षक 201 कोबरा
08 मनोज नाथ, आरक्षक 201 कोबरा
09 विकास कुमार, आरक्षक 201 कोबरा
10 बेनूधर साहू, आरक्षक 201 कोबरा
11 टी. मधुकुमार, आरक्षक 201 कोबरा
12 मलकित सिंह, आरक्षक 201 कोबरा
13 ई. वेंकटेश, आरक्षक 201 कोबरा
14 अविनाश शर्मा, आरक्षक 201 कोबरा
15 राउत ओमप्रकाश, आरक्षक 201 कोबरा

मुख्यमंत्री साय ने टेकलगुड़ेम मुठभेड़ में 3 जवानों के बलिदान को किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले के जगरगुंडा थाने के टेकलगुड़ेम में नक्सलियों और सुरक्षा बल के जवानों के बीच हुए मुठभेड़ में 3 जवानों के बलिदान को नमन किया है. मुख्यमंत्री ने बलिदानी जवानों के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायल जवानों के बेहतर इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए शासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने नये कैंप बनाये जा रहे हैं. उन्होंने कहा है कि नक्सली जिन इलाकों को अब तक अपना समझ रहे थे, उन इलाकों में माओवादी आतंकवाद के विरूद्ध सुरक्षाबलों की दखल और बढ़ते प्रभाव से नक्सली बौखला गए हैं और कायराना हरकत कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर स्थिति में अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़े हैं. माओवादी आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई दृढ़ता से जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश शहीद जवानों के परिवारजनों के साथ है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Back to top button