बलात्कार मामले में उम्रकैद की सजा के बाद प्रज्वल रेवन्ना को दिया गया कैदी नंबर
प्रज्वल रेवन्ना मामले पर भाजपा कभी चुप नहीं रही : केंद्रीय मंत्री

बेंगलुरु. बलात्कार के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के एक दिन बाद जनता दल (सेक्युलर) के नेता प्रज्वल रेवन्ना को बेंगलुरु के परप्पना अग्रहारा केंद्रीय कारागार में कैदी नंबर 15528 दिया गया. जेल अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) के प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा के पोते रेवन्ना ने शनिवार को अदालत के फैसले के बाद रेवन्ना को जेल में कैदी नंबर दिया गया. सजा सुनाए जाने के बाद जेल में पहली रात वह रो रहा था और काफी व्यथित दिखाई दे रहा था. जेल के चिकित्सकों ने शनिवार देर रात उसके स्वास्थ्य का आकलन किया. इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”चिकित्सीय जांच के दौरान वह रो पड़ा और उसने कर्मचारियों के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त की.” प्रज्वल ने कथित तौर पर कर्मचारियों को सूचित किया है कि उसने अपनी सजा को चुनौती देने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है. पूर्व सांसद फिलहाल उच्च सुरक्षा वाली कोठरी में बंद है.
जेल अधिकारियों के अनुसार, दोषियों के लिए मानक ड्रेस कोड का पालन किया जा रहा है और उसे कैदियों को दी जाने वाली पोशाक पहननी होगी. उन्होंने बताया कि रविवार सुबह रेवन्ना को आधिकारिक तौर पर कैदी संख्या 15528 दी गई. प्रज्वल को शनिवार को शेष जीवन तक कारावास में रहने की सजा सुनाई गई और कुल 11.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. अदालत ने निर्देश दिया कि 11.25 लाख रुपये रेवन्ना के परिवार की घरेलू सहायिका व पीड़िता को दिए जाएं. यहां की एक अदालत ने प्रज्वल रेवन्ना (34) को यौन शोषण और बलात्कार के चार मामलों में से एक में दोषी ठहराया.
सांसदों/विधायकों की विशेष अदालत के न्यायाधीश संतोष गजानन भट ने शुक्रवार को रेवन्ना को दोषी ठहराने के बाद शनिवार को फैसला सुनाया. यह मामला 48 वर्षीय उस महिला से जुड़ा है, जो हासन जिले के होलेनरसीपुरा में स्थित रेवन्ना परिवार के गन्निकाडा फार्महाउस में सहायिका के रूप में काम करती थी. वर्ष 2021 में उसके साथ दो बार बलात्कार किया गया था और आरोपी ने इस कृत्य को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था.
प्रज्वल रेवन्ना मामले पर भाजपा कभी चुप नहीं रही : केंद्रीय मंत्री
हुबली (कर्नाटक), तीन अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को कहा कि बलात्कार के मामले में आजीवन कारावास की सजा पाने वाले जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कभी चुप नहीं रही. भाजपा नेता जोशी ने कहा कि उनकी पार्टी का हमेशा से मानना रहा है कि अपराध करने वाले को सजा मिलनी चाहिए.
जोशी ने संवाददाताओं से कहा, “देश में कानून है और जिसने भी गलती की है या अपराध किया है, अदालत ने उसकी जांच की है और फैसला सुनाया है. इसे सभी को स्वीकार करना होगा.” जब उनसे कहा गया कि कांग्रेस नेता आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा जद(एस) के साथ गठबंधन के कारण इस मुद्दे पर चुप है, तो उन्होंने कहा, “हम कहां चुप रहे और हमें क्यों चुप रहना है? मैं इस पर पहले ही बोल चुका हूं. अगर कोई कुछ गलत करता है तो उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ता है.”
जोशी ने आरोप लगाया, “क्या कांग्रेस में ऐसे लोग नहीं हैं जिन्होंने इस तरह का जघन्य अपराध किया और वे पहले कांग्रेस के साथ थे? वे प्रधानमंत्री के साथ थे. यासीन मलिक तत्कालीन प्रधानमंत्री के साथ था. ऐसे कई लोग हैं. मैं ज्यादा लोगों के नाम नहीं लेना चाहता.” अदालत ने हासन के पूर्व सांसद रेवन्ना को शनिवार को शेष जीवन के लिए कारावास की सजा सुनाई और उस पर कुल 11.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जिसमें से 11.25 लाख रुपये पीड़ित महिला को देने का निर्देश दिया गया.
अदालत ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) के संरक्षक एच डी देवेगौड़ा के पोते रेवन्ना (34) को उसके खिलाफ दर्ज यौन शोषण और बलात्कार के चार मामलों में से एक में दोषी ठहराया था. भाजपा और जद(एस) गठबंधन सहयोगी हैं. जद (एस) के प्रदेश अध्यक्ष एच. डी. कुमारस्वामी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री हैं. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पांच अगस्त को बेंगलुरु में प्रस्तावित प्रदर्शन के बारे में जोशी ने हैरानी जताई कि यह प्रदर्शन किस विषय पर है. उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो वह कभी शिकायत नहीं करती, लेकिन चुनाव हारने पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) या निर्वाचन आयोग को दोषी ठहराती है.
