कांकेर: मुठभेड़ में जवान बलिदान, एक नक्सली ढेर
कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार को मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल और एक नक्सली की मौत हो गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर क्षेत्र) सुंदरराज पी ने बताया कि नक्सल रोधी अभियान के तहत संयुक्त बलों के एक दल की कार्रवाई के दौरान छोटेबेठिया थाने के तहत हिदुर गांव के पास एक जंगल में मुठभेड़ हुई.
अधिकारी ने बताया कि हिदुर जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में एक विशेष जानकारी मिलने के आधार पर अभियान शुरू किया गया था. उन्होंने कहा कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाइटर्स के कर्मी, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और जिला बल के जवान इस अभियान में शामिल थे.
अधिकारी ने बताया कि गश्ती दल जंगल की घेराबंदी कर रहा था कि तभी नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई. सुंदरराज ने कहा, ”मुठभेड़ में बस्तर फाइटर्स के कांस्टेबल रमेश कुरेठी बलिदान हो गए. घटनास्थल से एक नक्सली का शव मिला है और एक एके-47 राइफल बरामद की गई है.’ उन्होंने बताया कि इलाके में तलाश अभियान जारी है. अधिकारी ने कहा कि कुरेठी कांकेर जिले के पखांजूर इलाके के संगम गांव के निवासी थे.

