लोक गायिका मैथिली ठाकुर भाजपा में शामिल
पटना. प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं. पटना में भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई. इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भरत बिंद भी भाजपा में शामिल हुए. जायसवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में विपक्षी महागठबंधन के कई अन्य नेता भी भाजपा में शामिल होंगे.
मिथिला क्षेत्र की लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर के सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं. क्षेत्र में उनकी प्रसिद्धि को देखते हुए पार्टी उन्हें प्रचार अभियान का चेहरा भी बना सकती है. हाल में ठाकुर की तस्वीर भाजपा के चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के साथ सामने आई थी, जिसके बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं.
