छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

रोती हुई बिटिया के पोछे आंसू, तीन लाख की सहायता की घोषणा, लौट आई बिटिया की मुस्कान

रायपुर. भैंसगांव में आयोजित भेंट-मुलाकात के दौरान भीड़ के किसी कोने में एक बच्ची सुबक रही थी. सबका ध्यान मुख्यमंत्री के संवाद की ओर था. भीड़ से मुखातिब मुख्यमंत्री को इस बच्ची का रोता चेहरा दिखा. उन्होंने तुरंत बिटिया को पास बुलाया और उसके आंसू पोछे. बिटिया का नाम और समस्या पूछी. बिटिया ने बताया कि उसका नाम लोकेश्वरी है और उसके पिता नहीं हैं. माँ और अपने भाई के साथ वो अपने मामा के घर रहती है. आर्थिक दिक्कत होने की वजह से पढ़ाई भी नहीं हो पा रही.

मुख्यमंत्री ने बिटिया को थपकी दी और कहा कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं. जिले के प्रभारी सचिव श्री अयाज तंबोली ने बिटिया के लिए आवेदन लिखा और बिटिया के लिए तीन लाख रुपए की मदद की घोषणा मुख्यमंत्री ने कर दी. मुख्यमंत्री ने यहां 16 करोड़ 83 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया. इस दौरान मुख्यमंत्री देवगुड़ी भी गये. उन्होंने माता रूपशिला के दर्शन किये और पूजा अर्चना भी की. इस दौरान उद्योग मंत्री कवासी लखमा, बस्तर सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव रेखचंद जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे.

भैंसगांव में आजीविका को लेकर बड़ा काम, छह हजार महिलाओं के एफपीओ ने 4 करोड़ रुपए का वनोपज बेचा- जनचौपाल के दौरान शासन की वनधन योजना के बेहतरीन क्रियान्वयन की शानदार तस्वीर सामने आई. यहां द्रौपदी ठाकुर ने छह हजार महिलाओं को मिलाकर एफपीओ तैयार किया है. इस एफपीओ के माध्यम से वनोपज और कृषि उत्पाद बेचे जा रहे हैं. इसके माध्यम से 4 करोड़ रुपए से अधिक के कृषि उत्पाद और लघु वनोपज बेचे जा चुके हैं.

भौंरा चलाकर दिखाया, रस्सीकूद भी की- दुबागुड़ा में कोरोनाकाल के दौरान युवकों ने लर्निंग सेंटर खोला जहां खेल-खेल में ही पढ़ाई कराई गई. आज मुख्यमंत्री इन बच्चों के बीच पहुंचे. बच्चों ने उन्हें अपने भौंरे, गिल्ली डंडा और रस्सी दिखाई और इन्हें चलाने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने इतनी कुशलता से भौंरा चलाया और रस्सीकूद कर दिखाया. बच्चे इससे बहुत खुश हुए. यहां मुख्यमंत्री को बेल के फल से निर्मित भौंरा भेंट किया गया. यहां एक बच्चे जीवनदास ने उन्हें सभी खेलों के बारे में बताया. मुख्यमंत्री ने बच्चे की प्रतिभा से प्रभावित होकर उसे स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में एडमिशन दिलाने के निर्देश दिये.

गौठान का किया निरीक्षण- मुख्यमंत्री ने इस दौरान गौठान का निरीक्षण भी किया. स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि यहां लगभग बारह सौ पशु हैं. 4 महिला स्वसहायता समूह गौठान की जिम्मेदारी निभाते हैं. इसके माध्यम से 506 परिवारों को लाभ हो रहा है. दो साल से गौठान के माध्यम से 2 लाख 73 हजार रुपए की आय हुई है.

भेंट-मुलाकात में मुख्यमंत्री की घोषणाएं- जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने जनहित में अनेक घोषणाएं की. नयापारा भैंसगांव से सौंरागांव तक पक्की सड़क की घोषणा की. आश्रित गांव सौंरापाल के माध्यमिक स्कूल के हाईस्कूल में उन्नयन की घोषणा की. बस्तर डाइड डीएड के बीएड में उन्नयन की घोषणा की. ग्राम चोकर में विद्युत उपकेंद्र की घोषणा की. गांव नंदीसागर में सहकारी बैंक की शाखा खोलने की घोषणा की. बड़े चकवा में मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा भी उन्होंने की.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button