छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

बस्तर: पांच नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, दो गिरफ्तार

सुकमा/बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में एक महिला नक्सली समेत पांच नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया तथा सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के सुकमा जिले में पांच नक्सलियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने वरिष्ठ माओवादियों द्वारा किए गए अत्याचारों, ‘अमानवीय’ तथा ‘खोखली’ विचारधारा से निराश होकर आत्मसमर्पण किया है. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने कहा कि वह राज्य सरकार की नक्सल पुनर्वास नीति और दूरदराज के गांवों में विकास कार्यों को सुविधाजनक बनाने के लिए चलाई जा रही योजना ‘नियद नेल्ला नार’ (आपका अच्छा गांव) से भी प्रभावित हैं.

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से माड़वी दुड़वा (36) माओवादियों के आरपीसी (क्रांतिकारी पार्टी समिति) मिलिशिया कमांडर है. उसके सिर पर एक लाख रुपए का इनाम है. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले अन्य नक्सली मड़कम जोगा (35), माडवी लच्छू (33), माडवी लच्छू (45) और महिला नक्सली करटम मासे (33) हैं. यह नक्सली प्रतिबंधित संगठन में निचले स्तर के सदस्य के रूप में काम कर रहे थे.

उन्होंने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड, सीआरपीएफ की 212वीं और 217वीं बटालियन तथा सीआरपीएफ कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन) की 208वीं बटालियन की खुफिया शाखा ने उनके आत्मसमर्पण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले कैडर कथित तौर पर पुलिस दलों पर हमले करने, बारूदी सुरंग लगाने, सड़कों को नुकसान पहुंचाने और माओवादी पोस्टर तथा बैनर लगाने की घटनाओं में शामिल थे. उन्होंने बताया कि सरकार की नीति के अनुसार उनका पुनर्वास किया जाएगा.

अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बारदेला और बड़े तुंगाली गांव के बीच जंगल से रविवार शाम दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि बीजापुर में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों नक्सलियों की पहचान जोगो माडवी (27) और सोनी लाल उरसा (22) के रूप में हुई है, दोनों मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय थे. उन्होंने बताया कि दोनों से माओवादी पर्चे बरामद किए गए हैं.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button