देशमुख्य समाचार

न्यायापालिका तय नहीं करेगी कि कौन सच्चा भारतीय है: प्रियंका

नयी दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उच्चतम न्यायालय द्वारा राहुल गांधी के सेना से संबंधित एक बयान को लेकर नाखुशी जताए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को कहा कि कोई न्यायाधीश अथवा न्यायपालिका यह तय नहीं कर सकते कि कौन सच्चा भारतीय है।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के कारण राहुल गांधी का यह कर्तव्य है कि वह सरकार से सवाल पूछें। प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि उनके भाई सेना का बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन उनकी टिप्पणी को गलत ढंग से उद्धृत किया गया।

शीर्ष अदालत ने दिसंबर 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान सेना के बारे में की गई टिप्पणी को लेकर लखनऊ की एक अदालत में राहुल के खिलाफ जारी कार्यवाही पर सोमवार को रोक लगा दी। हालांकि, न्यायालय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता से नाखुशी जाहिर करते हुए कहा कि अगर वह सच्चे भारतीय हैं, तो ऐसी बात नहीं कहेंगे।

प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कौन सच्चा भारतीय है और कौन नहीं- यह तय करना न्यायपालिका के दायरे में नहीं आता। यह कोई न्यायाधीश तय नहीं करेंगे। मैं यह बात न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हुए कह रही हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी ने हमेशा सेना और हमारे जवानों का सम्मान किया है। वह हमेशा सेना के प्रति आदर रखते हैं। यह उनके भाषणों और टिप्पणियों में स्पष्ट दिखता है।’’ प्रियंका गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर सरकार से सवाल पूछना राहुल की जिम्मेदारी है, लेकिन जब सरकार जवाब देना नहीं चाहती, तब वह ऐसे हथकंडे अपनाती है।

कांग्रेस महासचिव ने संसद में गतिरोध को लेकर आरोप लगाया कि यह सरकार की कमजोरी है कि वह सदन नहीं चला पा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘क्या सरकार इतनी कमज़ोर है कि संसद भी नहीं चला सकती? आखिर सरकार एसआईआर पर चर्चा क्यों नहीं करा रही, जब पूरा विपक्ष संसद में चर्चा की मांग कर रहा है।’’ कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने जो टिप्पणी थी, वह हर राष्ट्रवादी भारतीय की सोच को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम सदन के अंदर या बाहर सवाल पूछते हैं तो वे (सरकार) जवाब नहीं देते। सवाल पूछने पर हमें राष्ट्र-विरोधी कहा जाता है, लेकिन हम सच्चे भारतीय हैं जो सरकार से जवाब मांगते हैं।’’

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button