जम्मू कश्मीर : कुलगाम में आतंकवाद विरोधी अभियान पांचवें दिन भी जारी
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा तथा सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में शामिल आतंकवादियों पर अपना शिकंजा कस दिया है. अधिकारियों ने अखल इलाके में कड़ी घेराबंदी के बाद मंगलवार को कुछ ग्रामीणों को वहां से निकाला, जिन्हें चिकित्सा सहायता की जरूरत थी.
एक अधिकारी ने बताया, ”मुठभेड़ पांचवें दिन भी जारी है और रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है.” उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर सहित सभी साधनों का उपयोग कर रहे हैं. आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर जिले के अखल के वन क्षेत्र में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद शुक्रवार को दोनों के बीच मुठभेड़ शुरु हुई थी, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए थे जबकि कम से कम दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे.
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार शाम दोनों पक्षों के बीच शुरुआती गोलीबारी के बाद रात भर के लिए अभियान रोक दिया गया.
घेराबंदी मज.बूत की गयी और अतिरिक्त सुरक्षा बल इलाके में भेजे गए. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह गोलीबारी फिर से शुरू हो गयी और इस दौरान दो आतंकवादी मारे गए. उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उनका संबंध किस समूह से था. उन्होंने बताया कि अभियान अब भी जारी है.