देशमुख्य समाचार

धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में नौ लोग गिरफ्तार

केरल: शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव डाले जाने के बाद युवती ने आत्महत्या की

बुलंदशहर/मिर्जापुर/कोच्चि. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) शंकर प्रसाद ने बताया कि सिकन्दराबाद थानाक्षेत्र के वीरखेड़ा गांव में धर्म परिवर्तन कराये जाने की सूचना पर पुलिस ने रविवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया था.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान पप्पन, रवि, प्रदीप, सुन्दर, दीपक, कृष्णा, राजेन्द्र, नीलम और आशू के रूप में हुई हैं.
अधिकारी ने बताया कि दीपक गौतमबुद्धनगर, राजेन्द्र व नीलम गाजियाबाद और कृष्णा हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह आसपास के जिलों में ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते थे और स्थानीय लोगों को रुपयों का प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराते थे. प्रसाद ने बताया कि आरोपियों के पास से नकदी, बाइबिल, पैम्फलेट, धर्म परिवर्तन प्रमाण पत्र के अलावा नौ मोबाइल फोन बरामद किए गये हैं.

अवैध धर्मांतरण के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने सोमवार को अवैध धर्मांतरण के मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार किया. एक बयान में यह जानकारी दी गयी. बयान के मुताबिक, ओमकार नाथ केशरी नाम के व्यक्ति ने जमालपुर थाने में रविवार को एक शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि आरोपी ईसाई धर्म का प्रचार करने के बहाने गांव के भोले-भाले लोगों को धन का लालच देकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी पुलिस को अभियुक्तों की गिरफ्तारी का निर्देश दिये.
बयान के मुताबिक, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जमालपुर में डबक नहर के पास स्थित एक मकान से नामजद चार लोगों चन्दन राम, उसकी पत्नी ऋतु, जगदीश राम और रामलोचन राम को गिरफ्तार किया. बयान में बताया गया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात धार्मिक किताबें और छह पोस्टर बरामद किये गये. बयान के अनुसार, सभी चार लोगों को जेल भेज दिया गया.

केरल: शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव डाले जाने के बाद युवती ने आत्महत्या की

केरल के एर्नाकुलम जिले में शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की 23 वर्षीय छात्रा ने अपने प्रेमी और उसके रिश्तेदारों द्वारा शादी के लिए कथित तौर पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाए जाने के बाद आत्महत्या कर ली. राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि कोठामंगलम निवासी युवती शनिवार को अपने घर पर फांसी के फंदे से लटकी हुई पाई गई. उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि युवती का प्रेमी और उसके रिश्तेदार उस पर शादी के लिए इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे. अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने शुरू में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें “धर्मांतरण को लेकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न” का आरोप लगाया गया है.

अधिकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में पीड़िता ने अपने प्रेमी और उसके रिश्तेदारों ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने युवती के प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य आरोपों की जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता की मां, जो एक घरेलू सहायिका के रूप में काम करती है, ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में आरोप लगाया कि आरोपी का परिवार शादी का प्रस्ताव लेकर आया था और उसकी बेटी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था. महिला ने दावा किया कि पीड़िता ने शुरू में “प्यार के चलते” (धर्म परिवर्तन के लिए) हामी भर दी, लेकिन बाद में तस्करी से जुड़े एक मामले में आरोपी का नाम सामने आने पर उसने इससे इनकार कर दिया.

महिला ने दावा किया कि उसकी बेटी आरोपी युवक से सच्चा प्यार करती थी और वह कथित तस्करी मामले से उसका नाम जुड़ने के बाद भी उससे शादी करने को तैयार थी, लेकिन उसने आरोपी और उसके परिवार को स्पष्ट कर दिया था कि वह धर्म परिवर्तन नहीं करेगी.

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने हाल ही में उसकी बेटी को अपने घर के एक कमरे में बंधक बना लिया और उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला था. वहीं, पीड़िता के भाई ने कहा कि उसकी बहन के साथ “मारपीट की गई और उसे धमकाया गया.” पुलिस ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और गहन जांच के जरिये “जबरन धर्मांतरण” के आरोपों की सत्यता का पता लगाया जाएगा.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button