सौर योजना के तहत 16.7 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित; 9,000 करोड़ रुपये वितरित हुए: सरकार
नयी दिल्ली. सरकार ने मंगलवार को बताया कि पीएम सूर्यघर- मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजी: एमबीवाई) के तहत कुल 16.78 लाख परिवारों को छत पर लगे सौरऊर्जा मशीन (रूफटॉप इंस्टॉलेशन) से लाभान्वित किया गया है और लाभार्थियों को केंद्रीय वित्तीय सहायता (सीएफए) के रूप में 9,000 करोड़ रुपये से अधिक वितरित किए गए हैं.
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) फरवरी 2024 से पूरे देश में पीएम सूर्यघर – मुफ्त बिजली योजना को लागू कर रहा है. इस योजना का लक्ष्य वर्ष 2026-27 तक आवासीय क्षेत्र के एक करोड़ घरों में छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करना है.
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ”इस योजना के तहत पांच अगस्त 2025 तक कुल 16.78 लाख परिवारों को रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्रों से लाभान्वित किया गया है और लाभार्थियों को केंद्रीय वित्तीय सहायता (सीएफए) के रूप में 9,280.88 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है.”
एमएनआरई ने मार्च 2019 में ”ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर प्रोग्राम” चरण-कक शुरु किया था. अक्टूबर 2022 में, कार्यक्रम के कार्यान्वयन की समय-सीमा मार्च 2026 तक बढ़ा दी गई थी. हालांकि, फरवरी 2024 में पीएमएसजी- एमबीवाई के आरंभ के साथ, ”ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर प्रोग्राम” चरण-कक को इसके अंतर्गत शामिल कर लिया गया.
