देशमुख्य समाचार

‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं प्रियंका, राहुल ने कहा- बच्चा-बच्चा कह रहा है ‘वोट चोर…’

शाह ने 40-50 साल तक भाजपा सरकार की बात 'वोट चोरी' के कारण की थी: राहुल

सुपौल/मधुबनी/दरभंगा/अररिया. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के 10वें दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा निर्वाचन आयोग पर जबरदस्त हमला बोला और कहा कि अब तो देश का बच्चा-बच्चा ”वोट चोर, वोट चोर” बोल रहा है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह दावा भी किया कि अमित शाह ने ”वोट चोरी की अकड़” के कारण कुछ साल पहले भाजपा के 40-50 साल तक सत्ता में रहने की बात की थी.

यात्रा के 10वें दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी अपने भाई के साथ उसमें शामिल हुईं और आरोप लगाया कि जनता का विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में ‘वोट चोरी’ की साजिश कर रही है. राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने ”वोट चोरी” के साथ ही आरक्षण के विषय को भी जोर-शोर से उठाया और आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ”वोट चोर” ही नहीं, बल्कि ”आरक्षण चोर” भी हैं.

प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं के साथ एक खुली एसयूवी में सवार थीं.
कई स्थानों पर लोग यात्रा का स्वागत करने के लिए कतारबद्ध खड़े थे. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन किया.

यात्रा एक दिन के अवकाश के बाद मंगलवार सुबह सुपौल से शुरू हुई और दोपहर में मधुबनी पहुंची. शाम के समय यह दरभंगा पहुंची. 11वें दिन की यात्रा बुधवार सुबह दरभंगा से शुरू होगी. राहुल गांधी और महागठबंधन के कई अन्य नेताओं ने मधुबनी में एक सभा को संबोधित किया. राहुल गांधी ने कहा, ”कुछ साल पहले अमित शाह ने कई बार यह बयान दिया कि भाजपा की सरकार 40-50 साल तक रहेगी. पहले ये बयान अजीब लगा, अमित शाह को कैसे पता कि 40-50 साल तक सरकार चलेगी. अब सच्चाई सामने आ गई है.” उन्होंने दावा किया कि अमित शाह ऐसा इसलिए कह पा रहे थे, क्योंकि ये लोग ‘वोट चोरी’ करते हैं.

बाद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”40-50 साल सत्ता में बने रहने की बातें – भविष्यवाणी नहीं, वोट चोरी की अकड़ थी.” राहुल गांधी ने सभा में कहा, ”वोट की चोरी पहले गुजरात में शुरू हुई और फिर 2014 में देश के दूसरे हिस्सों में शुरू हो गईं. ये लोग चुन-चुनकर राज्य जितवाते और हरवाते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी तय करते हैं कि निर्वाचन आयुक्त कौन बनेगा और इसमें विपक्ष के नेता की एक नहीं सुनी जाती.

राहुल गांधी का कहना था, ”2023 में भाजपा ने नया कानून बनाया कि निर्वाचन आयुक्त पर कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता. सवाल है कि ऐसा कानून क्यों बनाया गया? जवाब है- ‘वोट चोरी’ करवाने के लिए. उनका कहना था, ” ‘वोट चोरी’ से संबंधित मेरे संवाददाता सम्मेलन पर नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने कुछ नहीं कहा. ऐसा इसलिए क्योंकि जब चोर पकड़ा जाता है तो वह बिल्कुल चुप हो जाता है. उसे पता चल जाता है कि मैं तो फंस गया, अब पकड़ लिया गया हूं.” कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वोट का अधिकार छिन जाने के बाद लोगों को कोई दूसरा अधिकार नहीं मिल सकेगा.

उन्होंने कहा, ”संविधान में लिखा है कि हिंदुस्तान के हर नागरिक को एक वोट मिलेगा. अंबानी का बेटा हो या देश का गरीब युवा, दोनों को एक समान वोट मिलता है. अंबानी जैसे पूंजीपतियों को वोट की जरूरत नहीं है, बैंक के दरवाजे उनके लिए खुले हैं, उनका कर्ज माफ हो जाता है.” राहुल गांधी ने कहा, ”देश में वोट की जरूरत गरीबों को है, क्योंकि इसके बिना आपको कोई अधिकार नहीं मिल सकता.” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संविधान की रक्षा के लिए जरूरी है कि वोट की रक्षा की जाए.

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग सिर्फ ”वोट चोर” ही नहीं, बल्कि ”आरक्षण चोर” भी हैं.
यादव ने यह दावा भी किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार संभल नहीं रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से बिहार की सरकार चला रहे हैं.

यात्रा में शामिल होने पर प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है. बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, आर्थिक संकट समेत हर मोर्चे पर नाकाम भाजपा-जद (यू) सरकार जनता का वोट चुरा कर सत्ता में बने रहना चाहती है. लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है.” उन्होंने कहा, ”संविधान ने हर एक भारतीय को वोट का अधिकार दिया है. यह अधिकार कोई भी ताकत छीन नहीं सकती. गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे. जय संविधान.” बीते रविवार को अररिया में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं और परिणाम फलदायी होंगे.

राहुल गांधी ने बिहार में निर्वाचन आयोग के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक दलों द्वारा सर्मिथत ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू की है. सासाराम से 17 अगस्त को शुरू हुई 16 दिवसीय यात्रा एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी. बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. यह यात्रा अब तक रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल और मधुबनी से होकर गुजर चुकी है. अब यह दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुजरेगी.

प्रधानमंत्री ने ‘भैंस चुराने’ वाला आरोप लगाया था, लेकिन उन्होंने वोट ही चुरा लिए: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल पर ”भैंस चुराने” का आरोप लगाया था, लेकिन अब उन्होंने तो वोट ही चुरा लिए. उन्होंने यह दावा भी किया कि जनता का विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में ‘वोट चोरी’ की साजिशें रच रही है. कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने दिया जाएगा.

निजी हमले करना आरएसएस की शैली, महात्मा गांधी के साथ भी यही किया: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि लोगों पर निजी हमले करना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शैली है और उसने महात्मा गांधी के खिलाफ भी झूठ बोला था और उन्हें बदनाम किया था. राहुल गांधी ने अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के अररिया पहुंचने पर महागठबंधन के नेताओं के साथ ‘चाय-पकौड़े पर चर्चा’ के दौरान यह दावा किया. बीते रविवार को यह यात्रा अररिया में थी. कांग्रेस नेता ने इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर साझा किया.

उन्होंने कहा, ”यात्रा, वोट चोरी और गांधी जी – गठबंधन के साथियों के साथ गरमा-गरम चाय-पकौड़ों पर उतनी ही दिलचस्प राजनीतिक चर्चा हुई.” इस चर्चा में राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार राम और कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद तथा महात्मा गांधी के पौत्र तुषार गांधी शामिल थे.

तुषार गांधी ने कहा, ”पहले तीखी बहसें होती थी, लेकिन व्यक्तिगत रूप से अपशब्द नहीं कहे जाते थे, अब लगता है कि इसे जायज ही ठहरा दिया गया है.” इस पर राहुल गांधी ने दावा किया, ”आरएसएस का तरीका है कि लोगों को निजी तौर पर निशाना बनाया जाए. वो गांधी जी के साथ यही किया करते थे. लोगों को पता नहीं है, याद नहीं है. आरएसएस ने गांधी जी के बारे में कितनी गालियां दीं, कितना बदनाम किया, कितना उनके बारे में झूठ बोला. यह उनकी शैली है.”

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button