गाजा पर इजराइली हमले में 16 फलस्तीनियों की मौत, ट्रंप की शांति योजना पर हमास के जवाब का इंतजार
जर्मनी : यहूदी संस्थानों पर हमले के संदेश में तीन कथित हमास सदस्य गिरफ्तार

दीर अल बलाह/बर्लिन. इजराइल ने गाजा में अपनी सैन्य कार्रवाई बुधवार को भी जारी रखी, जिसमें कम से कम 16 फलस्तीनियों की मौत हो गई. स्थानीय अस्पतालों के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी. इस बीच, गाजा में शांति स्थापित करने और इजराइल-हमास के बीच युद्ध विराम के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पेश 20-सूत्रीय शांति योजना पर अबतक हमास ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
अधिकारियों के मुताबिक, इजराइली हमले में मारे गए लोगों में वे भी शामिल हैं, जिन्होंने गाजा शहर में विस्थापितों के लिए बने एक स्कूल में शरण लिया हुआ था. अल-अहली अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, शहर के पूर्वी जितून इलाके में स्थित अल-फलाह स्कूल पर कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो बार हमले हुए.
उन्होंने बताया कि हताहतों में पहले हमले के बाद मदद के लिए पहुंचे लोग भी शामिल हैं. अस्पताल ने बताया कि बुधवार सुबह गाजा शहर के पश्चिमी हिस्से में एक पेयजल टैंक के आसपास जमा लोगों पर हुए हमले में पांच फलस्तीनी मारे गए. गाजा सिटी स्थित शिफा अस्पताल ने बताया कि शहर के पश्चिम में स्थित एक अपार्टमेंट पर हुए हमले में मारे गए एक व्यक्ति का शव उसके पास पहुंचाया गया है.
अल-अवदा अस्पताल के मुताबिक, मध्य गाजा स्थित नुसरत शरणार्थी शिविर पर भी इजराइली हमले हुए, जिसमें एक दंपति की मौत हो गई. उसने बताया कि बुरेज शरणार्थी शिविर पर एक अन्य हमले में एक और व्यक्ति मारा गया. इजराइली सेना ने बुधवार के हमलों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
जर्मनी : यहूदी संस्थानों पर हमले के संदेश में तीन कथित हमास सदस्य गिरफ्तार
जर्मनी में इजरायली या यहूदी संस्थानों पर हमले की साजिश रचने के संदेह में फलस्तीनी चरमपंथी समूह हमास के तीन कथित सदस्यों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि संदिग्धों को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया जाएगा. उसके बाद न्यायाधीश तय करेंगे कि मुकदमे से पहले तीनों को हिरासत में रखा जा सकता है या नहीं. जर्मनी के संघीय अभियोजक ने आरोप लगाया कि तीनों संदिग्ध इस गर्मी की शुरुआत से ही हथियारों की खरीद में संलिप्त थे. छापेमारी के दौरान उनके पास से एके-47 राइफल और गोला-बारूद समेत कई हथियार बरामद हुए.

