देशमुख्य समाचार

छठ पूजा: ‘आप’ का PM के लिए फिल्टर पानी से यमुना घाट बनाने का आरोप, भाजपा ने किया पलटवार

नयी दिल्ली. छठ पूजा उत्सव के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि उसने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए फिल्टर किए गए पानी वाला एक “नकली” यमुना घाट बनाया है जबकि श्रद्धालुओं को प्रदूषित नदी में खड़ा होना पड़ रहा है. भाजपा ने पलटवार करते हुए आप के आरोपों को “राजनीतिक हताशा का शर्मनाक नमूना” करार दिया.

यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा श्रद्धालुओं को मूर्ख बना रही है और पूर्वांचलियों के जीवन से खेल रही है. उन्होंने कहा, “बिहार में सत्ता हथियाने को बेताब भाजपा दिल्ली में लाखों पूर्वांचलियों की जान से खेल रही है. वासुदेव घाट पर प्रधानमंत्री मोदी के लिए फिल्टर पानी से भरा एक नकली यमुना घाट बनाया गया है, जबकि श्रद्धालुओं को प्रदूषित नदी में खड़ा रहना पड़ता है.” उन्होंने दावा किया कि घाट के लिए पानी दिल्ली को पेयजल की आपूर्ति करने वाले वजीराबाद जल शोधन संयंत्र की पाइपलाइन से लिया गया है.

भारद्वाज ने दावा किया कि दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा अब यमुना में झाग साफ करने के लिए उसी रसायन का छिड़काव कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने एक बार पिछली आप सरकार को अपशब्द कहा था और अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया था. आप नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा एक झूठ छिपाने के लिए हजार झूठ बोल रही है. उनका नाटक मतदाताओं को मूर्ख बनाने और इस सच्चाई को छिपाने के लिए रचा गया है कि यमुना अब भी खतरनाक रूप से जहरीली है.

भारद्वाज ने कहा, “दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति मानती है कि यमुना का पानी गंभीर बीमारियां पैदा कर सकता है, फिर भी भाजपा नेता फोटो खिंचवाने और झाग को छिपाने के लिए रसायन छिड़कने में व्यस्त हैं.” दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक संवाददाता सम्मेलन में आप के आरोपों को खारिज कर दिया.

उन्होंने कहा, “आज दिल्ली और पूरे देश की जनता ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की राजनीतिक हताशा का शर्मनाक नमूना देखा. लोगों ने आप नेता सौरभ भारद्वाज को यमुना किनारे प्राकृतिक वासुदेव घाट की सफाई और वहां स्वच्छ जल की उपलब्धता पर आपत्ति जताते देखा.” उन्होंने कहा, “सौरभ भारद्वाज द्वारा यमुना तट से जारी किया गया लाइव वीडियो (जिसमें उन्होंने नदी की सफाई पर आपत्ति जताई थी) पहला राजनीतिक ड्रामा था, जिसमें किसी विपक्षी नेता ने स्वच्छता और सफाई सुनिश्चित करने के सरकार के प्रयासों पर आपत्ति जताई थी.”

पिछली आप सरकार पर निशाना साधते हुए सचदेवा ने दावा किया कि 2018 से 2024 तक पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना के तट पर छठ पूजा पर प्रतिबंध लगा दिया था. उन्होंने कहा कि अब जब रेखा गुप्ता की सरकार ने यमुना की बुनियादी सफाई पूरी कर ली है और केवल आठ महीनों में श्रद्धालुओं के लिए छठ पूजा करने के वास्ते प्राकृतिक घाट उपलब्ध करा दिए हैं तो वे हंगामा कर रहे हैं.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button