देशमुख्य समाचार

बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाने पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाएगा: हिमंत

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि उन्होंने पुलिस को श्रीभूमि जिले के कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पार्टी की एक बैठक में बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाने को लेकर देशद्रोह का मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है. कैबिनेट की बैठक के बाद यहां एक प्रेस वार्ता में शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेशी राष्ट्रगान गाना विपक्षी पार्टी द्वारा बांग्लादेश के नेताओं के एक वर्ग के इस दावे का समर्थन है कि पूरा पूर्वोत्तर क्षेत्र पड़ोसी देश का हिस्सा है.

इस बीच, कांग्रेस की असम इकाई ने कहा कि भाजपा ”अनावश्यक विवाद” पैदा कर रही है क्योंकि उसके पास लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कोई अन्य मुद्दा नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस की बैठक भारत के राष्ट्रगान के बदले बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाकर शुरू हुई. यह भारत के लोगों और इसके राष्ट्रगान का घोर अपमान है.” शर्मा ने कहा कि उन्होंने पुलिस को श्रीभूमि जिला कांग्रेस कमेटी और उसके नेताओं के खिलाफ कानून की विभिन्न धाराओं के तहत देशद्रोह का मामला दर्ज करने का निर्देश पहले ही दे दिया है.

मंगलवार को श्रीभूमि शहर में जिला कांग्रेस कार्यालय में सेवादल की बैठक में नेताओं ने नोबेल पुरस्कार प्राप्त रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा लिखित बांग्लादेशी राष्ट्रगान ‘आमार सोनार बांग्ला’ की दो पंक्तियां गाकर कार्यवाही शुरू की. टैगोर ने ही भारतीय राष्ट्रगान भी लिखा था. शर्मा ने कहा, ”बांग्लादेश का राष्ट्रगान उसी सम्मान के साथ गाया गया जैसा हम अपने राष्ट्रगान के प्रति दिखाते हैं. हम असम में बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाना स्वीकार नहीं कर सकते.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पुलिस गिरफ्तार करेगी और कानूनी कदम उठाए जाएंगे.

शर्मा ने कहा, ”यह बांग्लादेश के कई प्रमुख नागरिकों के इस नए दावे के अनुरूप है कि अंतत? पूर्वोत्तर बांग्लादेश का हिस्सा होगा. हम देखते हैं कि जिला कांग्रेस समिति द्वारा राष्ट्रगान (बांग्लादेश के) का गायन विभिन्न बांग्लादेशी लोगों और सरकार के इस दावे का समर्थन है कि पूर्वोत्तर उनका अभिन्न अंग है.” मंगलवार को बैठक का वीडियो सामने आने के बाद मत्स्य पालन मंत्री कृष्णेंदु पॉल ने कहा, ”कांग्रेस ने पाकिस्तान को जन्म दिया और बांग्लादेश पाकिस्तान का हिस्सा था. इसलिए, बांग्लादेश के प्रति अपना प्यार दिखाने के लिए, कांग्रेस (नेताओं) द्वारा बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाया गया.” उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की सच्चाई की पुष्टि करने के बाद कानूनी कार्रवाई के लिए जिला आयुक्त को निर्देश जारी किए गए हैं.

विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीभूमि जिला कांग्रेस अध्यक्ष तपस पुरकायस्थ ने कहा, ”रवींद्रनाथ टैगोर के साथ राजनीति मत कीजिए. हमारे गौरव, 85 वर्षीय कवि विधु भूषण दास ने गीत की केवल दो पंक्तियाँ गाईं. इस गीत की आलोचना करना रवींद्रनाथ टैगोर का अपमान करना है.” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने भी भाजपा की आलोचना की और कहा कि सत्तारू­ढ़ पार्टी ”अनावश्यक विवाद” पैदा कर रही है क्योंकि उसके पास लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कोई अन्य मुद्दा नहीं है.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button