छत्तीसगढ़मुख्य समाचार

अन्नदाताओं की खुशहाली और समृद्धि के लिए किए जा रहे लगातार कार्य: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि अन्नदाता किसान संपन्न एवं खुशहाल रहें, इसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं. न्याय योजनाओं के जरिए किसान, पशुपालक एवं मजदूरों की जेब में पैसा जा रहा है. उन्होंने कहा कि धान खरीदी का दायरा बढ़ाते हुए 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल प्रति एकड़ किया गया है, इससे किसानों में खुशी का माहौल है. अन्नदाता किसान खुश होंगे तो समझिए भगवान खुश हैं. बघेल आज राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड में कंवर महोत्सव एवं किसान महासम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे.

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 105 करोड़ 71 हजार रूपए की लागत के 19 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया. जिसमें 8 करोड़ 66 लाख 39 हजार रूपए की लागत के 6 कार्यों का लोकार्पण तथा 96 करोड़ 34 लाख 32 हजार रूपए की लागत के 13 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं. उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के 165 हितग्राहियों को 2 करोड़ रूपए 56 लाख 40 हजार रूपए की सामग्री, वन अधिकार पट्टा, सामाजिक एवं अहाता निर्माण हेतु स्वीकृति आदेश तथा प्रशस्ति पत्र का वितरण किया. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कंवर समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने सभी को नवरात्रि एवं रमजान पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य में धान खरीदी 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल करने पर किसानों ने उत्सव मनाया है. सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से किसानों की संख्या एवं रकबा बढ़ा है. पहले 55 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी होती थी, जो अब बढ़़कर 107 लाख मिट्रिक टन हो गया है. राजनांदगांव जिले में किसानों की संख्या एवं रकबे में ढाई गुना बढ़ोत्तरी हुई है. किसान खेती-किसानी के लिए वैज्ञानिक तरीके को अपना रहे हैं. राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत चौथे किस्त की राशि किसानों को दे दी गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक दृष्टि से नये जिले के गठन के बाद विकास कार्यों में गति आयी है. बजट सत्र के दौरान सभी की मांग को ध्यान में रखते हुए कोटवार, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पटेल, आंगनबाड़ी सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की गई है. राजीव गांधी ग्रामीण कृषि भूमिहीन मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है. राजीव गांधी भूमिहीन मजदूर न्याय योजना नगरीय क्षेत्रों में भी प्रारंभ की गई है. उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में 278 रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का शुभारंभ किया गया है. जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे. गांव में ही युवाओं के लिए रीपा केन्द्रों में बिजली, पानी, शेड, एप्रोज रोड एवं अन्य व्यवस्था की जा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सी-मार्ट के माध्यम से स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों की बिक्री की जा रही हैं. जनसामान्य को सस्ती कीमत पर दवाई उपलब्ध कराने के लिए धन्वंतरी मेडिकल स्टोर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता के निःशुल्क ईलाज के लिए मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिीनिक योजना, मुख्यमंत्री वृक्ष संपदा योजना एवं युवा मितान क्लब जैसी योजना से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना के अंतर्गत वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के साथ ही प्राकृतिक गोबर पेंट बनाया जा रहा है. जिससे शासकीय भवन तथा स्कूल भवन की पोताई की जा रही है. मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 25 हजार रूपए से राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी गई है.

खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों के रोटी एवं पगड़ी को मान-सम्मान दिया है. प्रदेश के मुखिया ने अन्नदाता किसानों की कर्जमाफी की है. जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि देश भर में अभी भूपेश मॉडल भरोसे मॉडल की चर्चा है. किसानों को मुख्यमंत्री पर भरोसा है. वे लगातार छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की आय बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं. वे किसानों की बुलंद आवाज तथा उनके ब्रांड एम्बेसडर हैं. कंवर समाज के प्रांतीय अध्यक्ष हरिवंश मिरी एवं जिला कंवर समाज के अध्यक्ष बिंदुलाल चंद्रवंशी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया.

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जैतगुड़ा में गोड़ समाज द्वारा भवन निर्माण के लिए 30 लाख रूपए, आदिवासी कंवर सामुदायिक भवन राजनांदगांव के लिए 60 लाख रूपए तथा मराठा कलार समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए की राशि स्वीकृति प्रदान की. मुख्यमंत्री ने कुमर्दा एवं कल्लूबंजारी में जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक खोलने की घोषणा की. उन्होंने आमगांव में धान खरीदी केन्द्र खोलने, कुमर्दा-गैंदाटोला-बंजारी सड़क उन्नयन की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने बोरतालाव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण की घोषणा की. रायपुर में कंवर समाज के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रूपए प्रदान करने की घोषणा की.

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम, महापौर हेमा देशमुख, राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक, जीव-जंतु बोर्ड के सदस्य संजय जैन, अनेक जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कंवर समाज के सामाजिक बंधु एवं पदाधिकारी, किसान एवं आम नागरिक उपस्थित थे.

admin

Vedant Bhoomi is a trusted name in the real estate industry, dedicated to crafting sustainable, elegant, and high-quality living spaces. With a deep understanding of design, nature, and community living, we aim to create projects that inspire a harmonious and fulfilling lifestyle.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button