केरल के कोल्लम में अवैध रूप से रहने के आरोप में बांग्लादेशी गिरफ्तार

कोल्लम. केरल के कोल्लम में एक बांग्लादेशी को देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. आरोपी की पहचान परिमल दास (21) के रूप में हुई है और वह अवैध रूप से पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत में घुसा था. पूछताछ के दौरान पता चला कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति ने स्थानीय एजेंट की मदद से गलत पते का इस्तेमाल कर फर्जी आधार कार्ड हासिल किया था.
उन्होंने बताया कि फर्जी आधार कार्ड हासिल करने में उसकी मदद करने वाले एजेंट को भी मामले में आरोपी बनाया गया है. दास के खिलाफ विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं और जालसाजी के तहत मामला दर्ज किया गया है. कोल्लम के एसीपी एस शरीफ ने बताया कि आरोपी फिलहाल रिमांड पर है और उसे पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लिया जाएगा, ताकि यहां अवैध प्रवासियों से संबंधित अधिक जानकारी एकत्र की जा सके. मामले की विस्तृत जांच जारी है. दास को कोल्लम शहर पुलिस द्वारा चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान पकड़ा गया.
उन्होंने बताया कि यह अभियान जिले के तटीय क्षेत्रों में मछली पकड़ने और संबंधित गतिविधियों में लगे प्रवासी श्रमिकों के बारे में विस्तृत जानकारी एकत्र करने के लिए शुरू किया गया है. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस पहल के तहत अब तक लगभग 1,300 प्रवासी श्रमिकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा चुका है.